1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. 24 साल पुराने गोधरा कांड में दोषी की उम्रकैद की सजा निलंबित, जानिए सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

24 साल पुराने गोधरा कांड में दोषी की उम्रकैद की सजा निलंबित, जानिए सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले ने सबका ध्यान खींचा है। जिस मामले में 59 लोगों की जान चली गई थी, उसी के एक दोषी को 18 साल जेल में बिताने के बाद बड़ी राहत मिली है। आखिर अदालत ने किस आधार पर उम्रकैद की सजा निलंबित की और सुनवाई के दौरान गुजरात सरकार ने क्या कहा?

By Kalpna Pandey 
Updated Date

Godhra Case: साल 2002, गुजरात का गोधरा रेलवे स्टेशन, साबरमती एक्सप्रेस के एक कोच में लगी आग और देखते ही देखते 59 लोगों की दर्दनाक मौत। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। अब करीब 24 साल बाद इस मामले से जुड़ा सुप्रीम कोर्ट का एक फैसला फिर चर्चा में है। अदालत ने अग्निकांड के एक दोषी की उम्रकैद की सजा निलंबित कर दी है।

पढ़ें :- रक्त संबंध में शादी पर लगेगी रोक? सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से मांगा जवाब, बच्चों की सेहत को लेकर जताई चिंता

दरअसल, सोमवार को जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने दोषी की याचिका पर सुनवाई की। याचिका में मुख्य रूप से उसकी खराब स्वास्थ्य स्थिति को राहत का आधार बनाया गया था। दोषी के वकील ने अदालत को बताया कि वह पिछले 18 वर्षों से जेल में बंद है।

सुनवाई के दौरान गुजरात सरकार की ओर से पेश वकील स्वाति घिल्डियाल ने कहा कि यदि राहत केवल मेडिकल आधार पर दी जाती है, तो सरकार को इस पर आपत्ति नहीं है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस फैसले को मामले के गुण-दोष से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। अदालत ने स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों और राज्य सरकार के रुख को ध्यान में रखते हुए उम्रकैद की सजा निलंबित करने का आदेश दिया।

गौरतलब है कि 27 फरवरी 2002 को साबरमती एक्सप्रेस के S-6 कोच में आग लगने से 59 लोगों की मौत हुई थी। मार्च 2011 में विशेष SIT अदालत ने इस मामले में 31 लोगों को दोषी ठहराया था। इनमें 11 को फांसी और 20 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी, जबकि 63 आरोपी बरी हुए थे।

सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले के बाद एक बार फिर 2002 के इस चर्चित मामले पर बहस तेज हो गई है। हालांकि, अदालत की यह राहत केवल एक दोषी को मेडिकल आधार पर मिली है।

पढ़ें :- राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बल्ले-बल्ले, BJP को बड़ा झटका, CM भजनलाल के गृह जिले में 31 में से 21 सीटों पर जीता पंजा

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...