हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद ही शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां बिजली विभाग में तैनात एक उपखंड अधिकारी (SDO) ने बेटे की चाहत में सरकारी अस्पताल से एक नवजात बच्चे की चोरी करवाई। इस मामले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने आरोपी SDO समेत इस साजिश में शामिल अन्य लोगों को मानव तस्करी के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया है।
पढ़ें :- अहमदाबाद के PG हॉस्टल में छत पर टहल रही छात्रा से दुष्कर्म ,सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहा गार्ड ही निकला आरोपी
पांच लाख रुपये में तय हुआ था सौदा
पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि ‘मौदहा’ बिजली सब स्टेशन पर तैनात SDO ‘आरके वर्मा’ की कई बेटियां थीं, लेकिन उन्हें एक बेटे की अत्यधिक चाहत थी। बेटे की चाहत के चलते उन्होंने एक महिला स्वास्थ्य कर्मी से संपर्क किया। इस काम के लिए SDO ने एक नवजात लड़का लाकर देने के बदले में उसे पांच लाख रुपये का भारी-भरकम लालच दिया था।
अस्पताल से ऐसे गायब किया बच्चा
मोटी रकम के लालच में आकर महिला स्वास्थ्य कर्मी ने घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को निशाना बनाया। उसने अस्पताल की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को धता बताते हुए वहां से एक नवजात बच्चे को बड़ी चालाकी से चोरी कर लिया और SDO को लाकर दे दिया। अस्पताल से बच्चा गायब होने के बाद परिजनों में कोलाहल मच गया और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
पढ़ें :- ट्रेन की खिड़की तोड़ते हुए एक युवक ले रहा मजे, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही फूटा यूजर्स का गुस्सा
पुलिस ने किया गिरोह का पर्दाफाश
इस घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कई अलग—अलग टीमें गठित कीं। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से पुलिस की जांच की सुई महिला स्वास्थ्य कर्मी और फिर सीधे बिजली विभाग के SDO तक जा पहुंची। तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है और आरोपी SDO ‘आरके वर्मा’ को सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह में शामिल अन्य कड़ियों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत की भी गहनता से छानबीन की जा रही है।