धार: मध्य प्रदेश के धार जिले में लेबड़-नयागांव फोरलेन पर दर्दनाक हादसा हो गया। बदनावर क्षेत्र में पुलिया के डिवाइडर से टकराने के बाद डिजायर कार में आग लग गई। हादसे में कार के अंदर फंसे चार युवकों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि पांचवां युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।
पढ़ें :- Gwalior Horrific Accident : शीतला माता मंदिर की लाइन में खड़े श्रद्धालुओं को ट्रक ने कुचला, 13 मौतें और 39 घायल
डिवाइडर से टकराकर 25 फीट नीचे गिरी कार
हादसा रविवार रात करीब 11:30 बजे सादलपुर और खेरोद के बीच एक ढाबे के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक पांचों दोस्त सागौर से सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार पुलिया के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का इंजन उखड़कर बाहर जा गिरा और गाड़ी करीब 25 फीट नीचे जा गिरी।
एक युवक बाहर गिरा, चार कार में फंसे
हादसे के दौरान एक युवक कार से बाहर गिर गया, जबकि चार अंदर ही फंस गए। कार में आग तेजी से फैल गई और चारों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए धार जिला अस्पताल भेजा।
मृतकों में तीन बड़ी सागौर के रहने वाले
हादसे में अंकुश उर्फ भीम (20), चेतन चौधरी (20), आदित्य उर्फ अनमोल तिवारी (19) और अभिषेक सोलंकी की मौत हुई। इनमें तीन बड़ी सागौर के रहने वाले थे, जबकि अभिषेक का परिवार सागौर के सुहागपुर में रहता है। वहीं हादसे में तुषार मंडलोई (20) गंभीर रूप से घायल हुआ। प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर रेफर कर दिया गया।
अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। तीन मृतकों की अर्थियां एक साथ उठीं, जिनकी अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। चौथे युवक की अंतिम यात्रा सुहागपुर से निकाले जाने की जानकारी है। जानकारी के मुताबिक, पांचों दोस्त 24 अक्टूबर को पीथमपुर से दर्शन के लिए निकले थे। मृतकों में कुछ परिवार खेती-किसानी से जुड़े हैं, जबकि अभिषेक के पिता कारखाने में काम करते हैं। घायल तुषार के पिता भी किसान हैं।