नई दिल्ली। कोलाकात में हुए महिला डॉक्टर की रेप के बाद हत्या के मामले को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन हो रहा है। ममता बनर्जी सरकार पर भाजपा हमलावर है। इन सबके बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और ममता बनर्जी के बीच टकराव देखने को मिला है।
पढ़ें :- UP Board Results 2026 : योगी सरकार ने पारदर्शिता और समयबद्धता से रचा नया मानक, परीक्षार्थी सबसे पहले इस साइट पर देख सकेंगे रिजल्ट
ममता बनर्जी ने एक बयान में कहा कि अगर आप बंगाल को जलाएंगे तो असम, पूर्वोत्तर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और दिल्ली सहित अन्य राज्य भी जलेंगे। आपकी कुर्सी हिल जाएगी। अब ममता के बयान को हिमंत बिस्वा ने आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि दीदी असम को धमकाने की आपकी हिम्मत कैसे हुई? हमें अपनी लाल आंखें मत दिखाइए।
असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने कड़ी नाराजगी जताते हुए एक्स पर पोस्ट किया कि दीदी, असम को धमकाने की आपकी हिम्मत कैसे हुई। हमें लाल आंखें मत दिखाइए। अपनी असफलता की राजनीति से भारत को जलाने की कोशिश मत कीजिए। आपको विभाजनकारी भाषा बोलना शोभा नहीं देता।
वहीं, असम के जल संसाधन मंत्री पीयूष हजारिका ने कहा कि वह हमें धमका नहीं सकती। वह अपने राज्य में कानून व्यवस्था को नियंत्रित नहीं कर सकती और हमें धमकी दे रही हैं। असम में ऐसा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मैं ममता बनर्जी से अनुरोध करना चाहता हूं कि वह एक बहुत वरिष्ठ नेता हैं और लंबे समय तक सीएम रहीं, उन्हें पता होना चाहिए कि सार्वजनिक रूप से कैसे बोलना है। असम में तब तक कुछ ऐसा कुछ नहीं होगा, जब तक यहां भाजपा सरकार है और हिमंत बिस्वा सरमा सीएम हैं।