हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में अर्द्धकुंभ 2027 की तैयारियों के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां तैयारियों के लिए आईआईटी रुड़की से मंगाया गया करीब 40 लाख रुपये का ड्रोन उड़ान भरने के बाद लापता हो गया। इस घटना के बाद अधिकारियों में खलबली मच गई है।
पढ़ें :- 'जब चीनी सेना ने अजीत डोभाल को ले लिया था हिरासत में', आईआईटी रुड़की में एनएसए का खुलासा
सूत्रों से मिली प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ड्रोन को हरिद्वार में मैपिंग और अर्द्धकुंभ से जुड़े तकनीकी कार्यों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। उड़ान के दौरान ड्रोन से संपर्क टूट गया। साथ ही उसकी आखिरी लोकेशन उत्तर हरिद्वार के भूपतवाला इलाके में मिली। इस घटना के बाद ड्रोन की काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
फिलहाल, इस मामले को लेकर हरिद्वार की शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। वहीं पुलिस ड्रोन की तलाश में जुटी है। शुरुआती तौर पर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि ड्रोन जंगल में कहीं गिर गया होगा या फिर जंगल से सटे रिहायशी इलाके में गिरने के बाद किसी व्यक्ति ने उसे उठा लिया होगा।
आपको बता दें कि अर्द्धकुंभ 2027 के लिए हरिद्वार में बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। ऐसे समय में करीब 40 लाख रुपये के इस हाईटेक ड्रोन का अचानक गायब होना सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि ड्रोन तकनीकी कारणों से गायब हुआ या उसके पीछे कोई और वजह है।