नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘पीएम-जनमन’ के अंतर्गत पीएम आवास योजना-ग्रामीण के एक लाख लाभार्थियों को पहली किस्त जारी की और लाभार्थियों से बातचीत की। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि, आज एक ओर जब अयोध्या में दीपावली मनाई जा रही है, तो दूसरी ओर एक लाख अति पिछड़े मेरे जनजातीय भाई-बहन जो मेरे परिवार के ही सदस्य हैं, ये मेरे जनजातीय परिवार, अति पिछड़े जनजातीय परिवार उनके घर दिवाली मन रही है, यह अपनेआप में मेरे लिए बड़ी खुशी है।
पढ़ें :- अखिलेश यादव जी, लखनऊ में हुई दु:खद घटना पर कृपया राजनीति न करें...लखनऊ अग्निकांड की घटना पर बोले ब्रजेश पाठक
उन्होंने कहा, आज जिनके बैंक खाते में पक्के घर के लिए पैसे ट्रांसफर किए जा रहे हैं। मैं इन सभी सपरिवारों को बधाई देता हूं, मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देता हूं। मुझे विश्वास है कि इस साल की दीपावली आप अपने घरों में जरूर मनाएंगे, पक्का कर लीजिए कि इस बार की दीपावली आपको अपने नए घर में मनानी है। साथ ही कहा, अभी कुछ दिन बाद 22 जनवरी को रामलला भी अपने भव्य और दिव्य मंदिर में हमें दर्शन देंगे। मेरा सौभाग्य है कि मुझे राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में बुलाया गया है। जब आपने मुझे इतना बड़ा दायित्व दिया है तो मैंने भी 11 दिन व्रत अनुष्ठान का एक संकल्प किया हुआ है।
पीएम मोदी ने कहा, आज की राज-कथा बिना गरीब, बिना वंचित, बिना वनवासी भाई-बहनों के कल्याण के संभव ही नहीं है। इसी सोच के साथ हम लगातार काम कर रहे हैं। हमने 10 साल गरीबों को समर्पित किए। गरीबों को 4 करोड़ से अधिक पक्के घर बनाकर के दिए हैं। जिनको कभी किसी ने पूछा नहीं, उनको मोदी आज पूछता भी है और पूजता भी है।
उन्होंने कहा, सरकार की योजनाएं अति पिछड़े जनजातीय भाई-बहन तक पहुंचें, यही पीएम जनमन महाअभियान का उद्देश्य है। सरकार पूरी ताकत लगा रही है कि हमारे अति पिछड़े जनजातीय भाई-बहनों तक सरकार की हर योजना जल्द से जल्द पहुंचे। मेरा कोई अति पिछड़ा भाई-बहन अब सरकार की योजना के लाभ से छूटेगा नहीं।
साथ ही कहा, पहले सरकारी योजनाएं सिर्फ कागजों पर ही चलती रहती थी और असली लाभार्थियों को पता ही नहीं चलता था। जिनको पता चल भी जाता था तो उनको कितनी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। अब पीएम जनमन महा अभियान में हमारी सरकार ने ऐसे सभी नियम बदल दिए हैं, जिससे आपको परेशानी होती हो।
पढ़ें :- लखनऊ अग्निकांड: सस्पेंड FSSO ने सीएम योगी को लिखा पत्र, CFO पर लगाए गंभीर आरोप, कहा-सम्पूर्ण जिम्मेदारी उनकी