मुंबई। महाराष्ट्र में महायुति सरकार का आज शाम पांच बजे शपथ समारोह है। देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री और एकनाथ शिंदे व अजित पवार डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेंगे। बुधवार का महायुति के नेताओं ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। इसके बाद इन नेताओं की प्रेस कॉफ्रेंस हुई। हालांकि, महाविकास अघाड़ी के नेताओं की तरफ से लगातार महायुति पर निशाना साध रहे हैं।
पढ़ें :- दिल्ली में इंडिया गठबंधन की अहम बैठक आज, अखिलेश यादव लखनऊ से मीटिंग के लिए रवाना
शिवसेना(UBT) नेता संजय राउत ने एकनाथ शिंदे पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, अब एकनाथ शिंदे का समय खत्म हो गया है, उनकी जरूरत थी वो पूरी हो गई। अब शिंदे इस महाराष्ट्र में कभी मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। ये लोग शिंदे की पार्टी भी तोड़ सकते हैं। आज से देवेंद्र फडणवीस राज्य के सीएम होंगे। उनके पास बहुमत होने के बावजूद 15 दिन तक ये सरकार नहीं बना पाए।
उन्होंने आगे कहा, इसका मतलब पार्टी के अंदर कुछ गड़बड़ है। कल से ये गड़बड़ आपको दिखेगा। ये देश के हित के लिए काम नहीं करते ये स्वार्थ के लिए एक साथ आए हैं….लेकिन फिर भी हम मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हैं और आने वाले समय में आप महाराष्ट्र के हित के लिए काम करें।
बता दें कि, बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए देवेंद्र फडणवीस ने शपथ ग्रहण समारोह के बारे में जानकारी दी और फिर जब माइक एकनाथ शिंदे की ओर बढ़ाया गया तो उनसे पूछा गया कि आप भी शपथ ले रहे हैं? इस पर एकनाथ शिंदे का जवाब था कि इतनी जल्दी क्यों है। शपथ समारोह तो कल शाम को होना है और आज शाम तक पता चल ही जाएगा। इस पर अजित पवार ने तंज कसा कि मैं तो शपथ ले रहा हूं। इनका आज शाम तक समझ आ जाएगा। इस पर एकनाथ शिंदे ने भी पलटकर चुटकी ले ली कि दादा को तो सुबह- शाम शपथ लेने का अनुभव है।