प्रायगराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के झुकने के बाद भी प्रतियोगी छात्रों का प्रदर्शन जारी है। बड़ी संख्या में छात्र आयोग के गेट के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्र हटने को तैयार नहीं है। उनका कहना है कि मांग पूरी होने के बाद ही वह यहां से जाएंगे।
पढ़ें :- नौवीं-दसवीं के पाठ्यक्रम में CBSE ने किया बड़ा बदलाव, पर्यावरण शिक्षा सहित तीन विषय हटे, जानें क्या किया शामिल?
दरअसल, प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि आरओ-एआरओ प्रारंभिक परीक्षा भी एक दिन में कराने की घोषणा की जाए, इसके बाद ही उनका आंदोलन खत्म होगा। छात्रों का कहना है कि आरओ-एआरओ परीक्षा के लिए उच्च स्तरीय कमेटी गठित करने का आश्वासन देकर आयोग प्रतियोगी छात्रों को बरगला नहीं सकता है।
दोनों परीक्षाओं को एक दिन एक शिफ्ट में कराने की मांग को लेकर आंदोलन शुरू किया गया था। आयोग ने एक ही परीक्षा की मांग मानी है, जबकि आरओ एआरओ परीक्षा को एक दिन में कराने के लिए कोई फैसला नहीं किया है।
आयोग पर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी आरओ-एआरओ परीक्षा को भी एक दिन में कराने की मांग पर अड़े हैं। आयोग के सचिव ने कहा कि आरओ-एआरओ के लिए उच्चस्तरीय कमेटी का गठन किया जाएगा। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा कराने का निर्णय लिया जाएगा, लेकिन छात्र मानने के लिए तैयार नहीं हैं।