नई दिल्ली। फोर्स फ्रैंचाइज़ी की तीसरा पार्ट आधिकारिक तौर पर प्रोडक्शन में है और फिल्म फोर्स-3 की पहली शूटिंग का शेड्यूल ज़ोर-शोर से चल रहा है। जॉन अब्राहम, हर्षवर्धन राणे और तान्या मानिकतला की मुख्य भूमिका वाली इस एक्शन-थ्रिलर फ़िल्म का निर्देशन भव धूलिया कर रहे हैं। इस फ़िल्म का मकसद इस सीरीज़ की दमदार विरासत को आगे बढ़ाना है। जॉन अब्राहम की JA एंटरटेनमेंट और शील कुमार की कैरोलिना कॉर्पोरेशन के सहयोग से बन रही फिल्म फोर्स-3 इस फ्रैंचाइज़ी में एक अहम कड़ी है। जॉन अब्राहम एसीपी यशवर्धन सिंह के अपने पुराने किरदार में नज़र आएंगे, वहीं राणे के किरदार से जुड़ी जानकारियां अभी तक गुप्त रखी गई हैं।
पढ़ें :- जॉन अब्राहम का नया लुक देखकर चौंक गए फैंस,फैंस पूछने लगे- ये असली जॉन है?
फ़िल्म के बारे में बात करते हुए जॉन अब्राहम ने कहा कि फोर्स हमेशा से एक ऐसी फ्रैंचाइज़ी रही है जिस पर मुझे गहरा विश्वास रहा है। मेरे लिए यह इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें एक अलग तरह का दम और एक मज़बूत पहचान है, जिससे दर्शक पिछले कई सालों से जुड़े हुए हैं। फिल्म फोर्स-3 के साथ हम इस विरासत को एक बड़े स्तर पर आगे बढ़ा रहे हैं। मैं हर्षवर्धन को एक एक्शन हीरो के तौर पर पेश करने को लेकर भी बहुत उत्साहित हूे। उनमें वह दम, ऊर्जा और जुनून है। मुझे लगता है कि दर्शकों को उन्हें इस तरह के किरदार में देखना ज़रूर पसंद आएगा। निर्माता शील कुमार ने इस प्रोजेक्ट के पीछे के लंबे समय से चले आ रहे सहयोग पर रोशनी डालते हुए कहा कि जॉन और JA एंटरटेनमेंट के साथ मेरा रिश्ता कई साल पुराना है। फिल्म फोर्स-3 के लिए एक साथ आना मुझे जाना-पहचाना और बेहद खास अनुभव दे रहा है। मैंने शुरू से ही फोर्स फ्रैंचाइज़ी पर भरोसा किया है। फोर्स-3 एक ऐसी फ़िल्म है जो भरोसे, सहजता और उस कहानी के प्रति साझा विश्वास से बनी है। जिसे हम दर्शकों तक पहुंचाना चाहते हैं। फिल्म फोर्स-3 को शील कुमार, शाहबाज़ आलम, जॉन अब्राहम, संदीप लेज़ेल और मिनाक्षी दास ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म की कहानी सीमाब हाशमी ने लिखी है, जबकि इसका संगीत रवि बसरूर ने तैयार किया है और गाने इरशाद कामिल ने लिखे हैं। यह फिल्म 19 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है।