अहमदाबाद। जिस जगह को छात्राओं के लिए सुरक्षित माना जाता है, उसी पीजी हॉस्टल में सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे एक गार्ड पर छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। घटना अहमदाबाद के आनंदनगर इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित छात्रा पिछले करीब एक साल से इस पीजी हॉस्टल में रह रही थी और अक्सर रात में छत पर टहलने जाती थी। शनिवार रात करीब 8 बजे वह हॉस्टल की छत पर अकेली टहल रही थी।
पढ़ें :- बेटे की चाहत में बिजली विभाग के SDO ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से चोरी कराया नवजात, मानव तस्करी के आरोप में गिरफ्तार
आरोप है कि इसी दौरान हॉस्टल में तैनात सुरक्षा गार्ड भी लिफ्ट के जरिए छत पर पहुंचा। छात्रा को अकेला देखकर उसने सीढ़ियों का गेट बंद कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने जब विरोध करने और खुद को बचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने कथित तौर पर वायर से उसका गला दबा दिया। इस हमले में छात्रा घायल हो गई और बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। लेकिन पुलिस की जांच में हॉस्टल के सीसीटीवी कैमरे अहम कड़ी साबित हुए। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और रविवार सुबह उसे अहमदाबाद के हेबतपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का नाम धर्मसिंह है और वह उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि आरोपी को हॉस्टल में सुरक्षा गार्ड की नौकरी पर आए हुए महज चार दिन ही हुए थे। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का बैकग्राउंड वेरिफिकेशन नहीं कराया गया था। ऐसे में अब सवाल सिर्फ इस वारदात का नहीं, बल्कि पीजी हॉस्टल में सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों के वेरिफिकेशन को लेकर भी उठ रहे हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और मामले की जांच जारी है। पीड़ित छात्रा का इलाज अस्पताल में चल रहा है। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि छात्राओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए हॉस्टल और पीजी में सुरक्षा कर्मचारियों की नियुक्ति और उनके बैकग्राउंड वेरिफिकेशन को लेकर कितनी गंभीरता बरती जा रही है?
रिर्पोट:
कल्पना पांडेय