Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. खेल
  3. FIFA World Cup 2026 : क्रोएशिया पर जीत के बाद क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने जानें क्यों पहनी 21 नंबर की जर्सी? आंसुओं के साथ इन्हें किया याद

FIFA World Cup 2026 : क्रोएशिया पर जीत के बाद क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने जानें क्यों पहनी 21 नंबर की जर्सी? आंसुओं के साथ इन्हें किया याद

By santosh singh 
Updated Date

नई दिल्ली। फीफा विश्व कप 2026 (FIFA World Cup 2026) के राउंड ऑफ 32 में पुर्तगाल (Portugal) ने रोमांचक मुकाबले में क्रोएशिया ( Croatia) को 2-1 से हराकर अंतिम-16 में जगह बना ली। हालांकि मैच खत्म होने के बाद सबसे भावुक पल तब देखने को मिला, जब क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) मैदान पर आंसू नहीं रोक सके। पांच बार के बैलन डी’ओर विजेता ने अपने दिवंगत साथी डियोगो जोटा (Diogo Jota)  को श्रद्धांजलि देने के लिए उनकी 21 नंबर की जर्सी पहन रखी थी।

पढ़ें :- Video-स्पेन बना विश्व चैंपियन तो Mia Khalifa की लग गई लॉटरी, सट्टेबाजी में जीते 1.4 करोड़ रुपए

21 नंबर की जर्सी पहनने की वजह क्या थी?

तीन जुलाई पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर डियोगो जोटा (Diogo Jota) की पहली पुण्यतिथि थी। जोटा और उनके भाई आंद्रे सिल्वा की तीन जुलाई 2025 को स्पेन में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। यह हादसा उनकी शादी के महज 11 दिन बाद हुआ था। अपने दिवंगत साथी की याद में पूरी पुर्तगाल टीम भावुक नजर आई। रोनाल्डो ने जोटा की 21 नंबर की जर्सी पहनकर मैदान में उतरने के बाद जीत को अपने पूर्व साथी को समर्पित किया। अंतिम सीटी बजने के बाद उन्होंने अपने साथियों को गले लगाया और आंखों में आंसू लिए प्रशंसकों का अभिवादन किया।

कैसे जीता पुर्तगाल मुकाबला?

मैच की शुरुआत में क्रोएशिया ने पुर्तगाल को कड़ी टक्कर दी। 53वें मिनट में इवान पेरिसिच (Ivan Perišić) ने शानदार गोल कर क्रोएशिया को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद 68वें मिनट में VAR की मदद से पुर्तगाल को पेनल्टी मिली। क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo)  ने दबाव के बीच पेनल्टी को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया। यह उनके विश्व कप नॉकआउट करियर का पहला गोल भी रहा।

पढ़ें :- FIFA World Cup Final Highlights: फेरान टोरेस ने एक्स्ट्रा टाइम में गोल दागकर स्पेन को दूसरी बार बनाया वर्ल्ड चैंपियन, अर्जेंटीना को फाइनल में 1-0 से हराया

जब मुकाबला अतिरिक्त समय की ओर बढ़ता दिख रहा था, तभी इंजरी टाइम के चौथे मिनट में राफेल लियाओ के क्रॉस पर गोंजालो रामोस ने शानदार हेडर लगाकर पुर्तगाल को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके कुछ देर बाद क्रोएशिया ने बराबरी का गोल भी किया, लेकिन VAR ने ऑफसाइड के कारण उसे रद्द कर दिया और पुर्तगाल ने जीत अपने नाम कर ली।
विज्ञापन

जोटा की याद आज भी पुर्तगाल के साथ

डियोगो जोटा पुर्तगाल के सबसे भरोसेमंद फॉरवर्ड खिलाड़ियों में गिने जाते थे। उन्होंने राष्ट्रीय टीम के लिए 49 मैचों में 14 गोल किए थे और माना जा रहा था कि वह विश्व कप 2026 में टीम की अहम कड़ी होते। अपनी मौत से एक महीने पहले जोटा ने स्पेन को हराकर यूईएफए नेशंस लीग जीतने के बाद सोशल मीडिया पर लिखा था, ‘आप सभी के साथ होने पर सब कुछ संभव है। धन्यवाद, पुर्तगाल!’

जोटा का सफर बना प्रेरणा

डियोगो जोटा ने गोंडोमार से अपने करियर की शुरुआत की और फिर पाकोस डी फरेरा, पोर्टो, वॉल्वरहैम्प्टन वांडरर्स और आखिर में लिवरपूल तक का सफर तय किया। पुर्तगाल के कई बड़े खिलाड़ियों की तरह वह बेनफिका, स्पोर्टिंग या पोर्टो की मशहूर अकादमियों से नहीं निकले, बल्कि अपनी मेहनत के दम पर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलरों में जगह बनाई।

पढ़ें :- FIFA World Cup 2026 : स्पेन ने खत्म किया 16 साल का सूखा, फ्रांस को 2-0 से हराकर पहुंचा फाइनल में

क्रोएशिया पर मिली इस यादगार जीत ने पुर्तगाल को अंतिम-16 में पहुंचा दिया, जहां अब उसका सामना स्पेन से होगा। लेकिन इस जीत से भी ज्यादा चर्चा रोनाल्डो की उस भावुक तस्वीर की हो रही है, जिसमें वह अपने दिवंगत साथी डियोगो जोटा की याद में 21 नंबर की जर्सी पहने आंसुओं के साथ मैदान से बाहर जाते नजर आए।

Advertisement