Delhi INDIA Bloc Protest : देश की राजधानी नई दिल्ली में मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी गठबंधन का जबरदस्त हल्लाबोल देखने को मिला है। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के मुख्यालय की ओर से बढ़ रहे इंडिया गठबंधन के नेताओं को पुलिस ने रोका तो लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं ने आकाशवाणी भवन परिसर से होकर आगे बढ़ने की कोशिश की। अब विरोध मार्च के दौरान आकाशवाणी भवन परिसर में कथित तौर पर जबरन घुसने के आरोप में इन नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पढ़ें :- जंतर-मंतर पर 'ज्ञानेश कुमार' के खिलाफ CJP का होगा हल्लाबोल, पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन को सौंपा ज्ञापन
रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली पुलिस को आकाशवाणी भवन के अधिकारियों से शिकायत मिली थी। कथित तौर पर आकाशवाणी के कर्मचारियों ने शुरू में उन्हें परिसर में घुसने से रोकने की कोशिश की, लेकिन आखिरकार दोनों कांग्रेस नेता अंदर चले गए और धरने पर बैठ गए। इस दौरान राहुल, प्रियंका और विपक्ष के दूसरे नेता आठ घंटे से ज़्यादा समय तक आकाशवाणी भवन के अंदर डटे रहे और मुख्य चुनाव आयुक्त व अन्य चुनाव आयुक्तों से मिलने की मांग करते रहे। हालांकि, शाम को दिल्ली पुलिस ने इलाके को खाली कराने की कार्रवाई की और विपक्षी नेताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान करीब 50 सांसद और लगभग 200 अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके बाद हिरासत में लिए गए नेताओं को विरोध-प्रदर्शन वाली जगह से हटा दिया गया। बाद में मंगलवार रात दिल्ली पुलिस ने राहुल और प्रियंका को रिहा कर दिया।