Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. क्रिकेट
  3. 76 रन पर बिखरी टीम इंडिया, संजू को ड्रॉप कर वैभव को खिलाने पर उठे सवाल तो गंभीर ने तोड़ी चुप्पी

76 रन पर बिखरी टीम इंडिया, संजू को ड्रॉप कर वैभव को खिलाने पर उठे सवाल तो गंभीर ने तोड़ी चुप्पी

By Harsh 
Updated Date

IND VS ENG t20: इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। तीसरे टी20 मुकाबले में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया को 125 रन से करारी हार झेलनी पड़ी। 202 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम महज 76 रन पर सिमट गई। इस हार के बाद सबसे ज्यादा चर्चा संजू सैमसन को टीम से बाहर किए जाने को लेकर हो रही है। मैच खत्म होने के बाद हेड कोच गौतम गंभीर ने इस फैसले पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी।

पढ़ें :- एक ही दिन दो अलग-अलग मैच खेलेगी टीम इंडिया! श्रेयस-ईशान नहीं खेलेंगे वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे

गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि संजू सैमसन से उनकी इस मुद्दे पर साफ और स्पष्ट बातचीत हो चुकी है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि खिलाड़ी और कोच के बीच हुई बातचीत सार्वजनिक नहीं की जाएगी। संजू सैमसन का प्रदर्शन इस दौरे पर उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। आयरलैंड के खिलाफ दोनों टी20 मैचों में वह खाता भी नहीं खोल सके, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में उनके बल्ले से सिर्फ एक रन निकला। इसके बाद टीम प्रबंधन ने दूसरे मैच में उन्हें बाहर बैठाकर 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका दिया।

हालांकि वैभव भी दोनों मुकाबलों में बड़ी पारी नहीं खेल सके, अपने पहले मैच मे वैभव ने 14 और दूसरे मैच में 13 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसी बीच जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए घोषित भारतीय टीम में भी संजू सैमसन को जगह नहीं मिली, जिससे उनके भविष्य को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं।

गौतम गंभीर ने कहा कि संजू ने भारतीय टीम के लिए अच्छा योगदान दिया है और टीम प्रबंधन उनके बारे में पूरी तरह स्पष्ट है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी खिलाड़ी का फॉर्म हमेशा एक जैसा नहीं रहता और वापसी के दरवाजे बंद नहीं होते। लगातार हार पर बात करते हुए गंभीर ने स्वीकार किया कि टीम हालात के मुताबिक खुद को ढालने में सफल नहीं रही। उनके मुताबिक आयरलैंड और इंग्लैंड, दोनों जगह भारतीय खिलाड़ी परिस्थितियों को सही तरीके से नहीं पढ़ सके और इसका असर नतीजों पर साफ दिखाई दिया। अब भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टी20 मुकाबला गुरुवार को ब्रिस्टल में खेला जाएगा। सीरीज में बने रहने के लिए भारतीय टीम के सामने यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है।

पढ़ें :- दलीप ट्रॉफी फाइनल में साउथ जोन की हालत कमजोर, ईस्ट जोन के 708 रन के जवाब में 6 विकेट पर 242
Advertisement