Bihar Politics: बिहार चुनाव की आहट के बीच पटना में बुधवार को कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक होने वाली है। इस बैठक के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी देर शाम महागठबंधन के नेताओं के साथ होटल चाणक्य में बैठक करने वाले हैं। जिसमें चुनाव के लिए महागठबंधन के सीट शेयरिंग समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
पढ़ें :- बिहार के मंत्री जी का गज़ब ज्ञान! श्रवण कुमार बोले- चीनी के दाम बढ़ने से नहीं पड़ेगा फर्क, आजकल सब हो रहे डायबिटीज के शिकार...
जानकारी के अनुसार, पटना में होने वाली बैठक के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव महागठबंधन के अन्य नेताओं के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता भी करने वाले हैं। राहुल इस बैठक के माध्यम से विपक्ष को चुनाव से पहले एकजुट करने की कोशिश करेंगे। सूत्रों की मानें महागठबंधन की बैठक में मुख्य एजेंडा सीट शेयरिंग पर अंतिम रूपरेखा तय करना होगा। इस दौरान सीटों को लेकर खिंचतान पर विराम लगाने की कोशिश की जाएगी। बैठक में कांग्रेस, आरजेडी और वामदलों के साथ वीआइपी के शीर्ष नेता शामिल होंगे।
इसके अलावा, बैठक में चुनावी मुद्दों पर साझा रणनीति, प्रचार अभियान की रूपरेखा और एनडीए सरकार की नीतियों के खिलाफ संयुक्त आंदोलन जैसे पहलुओं पर भी चर्चा हो सकती है। इस दौरान वोट चोरी के मुद्दे को चुनाव में इस्तेमाल किए जाने पर भी रणनीति तय की जा सकती है।