लखनऊ। सहारनपुर में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ गयी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसको लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार से गलती ये हुई कि जो संबंध दबा-छिपा था उसका भंडाफोड़ हो गया है। या फिर ये भी हो सकता है कि इनको सम्मान देकर, अप्रत्यक्ष रूप से किसी और का अपमान किया जा रहा हो।
पढ़ें :- स्वामी रामदेव की सफाई, कहा- 'मेरी डांट को धीरेंद्र शास्त्री ने शिष्य की तरह प्यार से स्वीकारा', पूरे विवाद को यहीं खत्म किया जाना चाहिए
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, सुना है सहारनपुर में किसी को गलती से सम्मान दे दिया गया है। इसका मतलब भाजपा सरकार ये कह रही है कि हम सोच-समझकर इनको कभी सम्मान नहीं देते, जो हुआ भूल से हुआ। ये कहना तो सम्मान देने के बाद और भी बड़ा अपमान है। दरअसल, भाजपा सरकार से गलती ये हुई कि जो संबंध दबा-छिपा था उसका भंडाफोड़ हो गया है।
या फिर ये भी हो सकता है कि इनको सम्मान देकर, अप्रत्यक्ष रूप से किसी और का अपमान किया जा रहा हो। बात कोई भी हो लेकिन ये अच्छा नहीं हुआ। दिक़्क़त ये है कि भाजपा सरकार अपने द्वारा दिया गया सम्मान कैसे वापस ले। लगता है कि ’कपड़ों से पहचान लेने का दावा करनेवालों से इस बार बहुत भारी भूल हो गई है।’
अखिलेश यादव ने आगे लिखा, दरअसल ये पहचान की गलती नहीं है, चरखी से संबंध की डोरी खुल जाने की गलती है। और ये गलती उस विभाग से हुई है जिससे ख़ुफ़िया जानकारी भी रखने की उम्मीद की जाती है। जो कुछ आंख के सामने है अगर उसमें ही इनसे इतनी भारी भूल हो रही है तो दबी-छुपी बातों में इनकी हालत कितनी ख़राब होगी कहने की ज़रूरत नहीं है।
इसमें तो विपक्ष की भी कोई भूमिका नहीं है कि सरकार तुरंत भ्रामक बयान देकर, बड़ी-बड़ी संगीन धाराओं में 4-5 को निरुद्ध और गिरफ़्तार करके जेल भेज दिया जाए। सच तो ये है कि भाजपा सरकार ने पुलिस को झूठे मुक़दमे, फ़र्ज़ी एनकाउंटर, हिरासत में हत्या करने, चुनावी घपलों व वसूली करने के लिए मजबूर करके, पुलिस विभाग को बुरी तरह भ्रष्ट और नाकाम बना दिया है। जनता के सामने ये सवाल है कि नाकाम पुलिस के ख़िलाफ़ वो एफ़आइआर लिखाये भी तो कहां?
पढ़ें :- लखनऊ की MP-MLA कोर्ट ने पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल को सुनाई 3 साल कैद की सजा
सपा अध्यक्ष ने आगे लिखा, उप्र की सरकार और पुलिस विभाग ने तो चुनाव लड़ने से पहले ही इनकी ज़मानत ज़ब्त कर दी है और बोलती बंद। इस ‘सम्मान रूपी अपमान’ के प्रकरण के बाद हैदराबाद तक में भाजपा के ख़िलाफ़ बहुत आक्रोश फैल गया है। इस बहाने से भाजपा इनकी ये भी बेइज़्ज़ती कर रही है कि आपको कोई पहचानता ही नहीं है। सुना है पीछे बैकग्राउंड में एक गाना बज रहा है : हम थे जिनके सहारे, वो हुए न हमारे…
उन्होंने आगे लिखा, विशेष टिप्पणी: उप्र पुलिस कह रही है कि इस हास्यास्पद घटना से संबंधित सोशल मीडिया सामग्री इसलिए हटा दी जाए कि उससे उप्र पुलिस की छवि ख़राब हो रही है। ऐसे में जनता पूछ रही है कि ‘छवि’ बची ही कहां है जो ख़राब होगी।