Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, 6 मजदूरों की मौत, तीन सुरक्षित निकाले गए

हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, 6 मजदूरों की मौत, तीन सुरक्षित निकाले गए

By Harsh Gautam 
Updated Date

हमीरपुर: यूपी के हमीरपुर में बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब शुक्रवार देर रात अचानक गिर गया। हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई मजदूर मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और करीब साढ़े सात घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। टीम ने मलबे में फंसे 3 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला।

पढ़ें :- कानपुर: 144 दिनों से फरार इनामी दरोगा अमित मौर्या गिरफ्तार, नाबालिग से गैंगरेप का है आरोप

हादसा ललपुरा इलाके में देर रात करीब 2 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि तेज आंधी और बारिश के दौरान पुल का स्लैब भरभराकर गिर पड़ा। उस समय कुछ मजदूर पुल के नीचे आराम कर रहे थे, जबकि दूसरी शिफ्ट के मजदूर ऊपर काम कर रहे थे। आंधी से बचने के लिए मजदूर पुल पर ही लेट गए थे तभी हादसा हो गया।

हादसे में जान गंवाने वालों में बांदा जिले के चिल्ला थाना क्षेत्र के लोकेंद्र निषाद (22) और कुलदीप निषाद (19) शामिल हैं। इसके अलावा भूरागढ़ निवासी सावंत यादव (28) और सभाजीत (30) की भी मलबे में दबने से मौत हो गई। हमीरपुर जिले के ललपुर थाना क्षेत्र के स्वासा खुर्द गांव निवासी पुष्पेंद्र सिंह चौहान (34) और अचपुरा निवासी राजेश पाल (42) भी इस हादसे का शिकार बने। घटना के बाद मृतकों के गांवों में मातम का माहौल है।

उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम की ओर से बन रहे इस पुल की लागत करीब 90 करोड़ रुपए है। 700 मीटर लंबे इस दो लेन पुल का निर्माण मार्च 2024 में शुरू हुआ था और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा किया जाना है। अधिकारियों ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने मृतक मजदूरों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।

पढ़ें :- 18 साल से तांत्रिक के चंगुल में थी मां, अंधविश्वास से दूर करने के लिए, बेटे ने किया था 'परदेसी बाबा' का मर्डर
Advertisement