Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. पुणे में भारी बारिश का कहर: पिंपरी-चिंचवड़ में कचरे का ढेर गिरने से इमारत ढही, 16 लोगों के दबे होने की आशंका

पुणे में भारी बारिश का कहर: पिंपरी-चिंचवड़ में कचरे का ढेर गिरने से इमारत ढही, 16 लोगों के दबे होने की आशंका

By Harsh Gautam 
Updated Date

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे और उसके आस-पास के इलाकों में बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। लगातार हो रही मूसलाधार बरसात के बीच पिंपरी-चिंचवड़ के मोशी इलाके से एक बड़े हादसे की खबर आ रही है। यहां एक इमारत अचानक जमींदोज हो गई, जिसके मलबे में कम से कम 16 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई हैं। घटनास्थल पर युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है और मलबे से निकाले जा रहे घायलों को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पतालों में भेजने के लिए मौके पर कई एम्बुलेंस तैनात की गई हैं।

पढ़ें :- अमेरिका से जुड़े उगाही मामले में पंजाब पुलिस का एक्शन, SHO को थाने से हटाया

नगर निगम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा मोशी कचरा डिपो के पास हुआ है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश की वजह से कचरे का एक बहुत बड़ा पहाड़ जैसा ढेर खिसक कर सीधे इमारत पर आ गिरा। कचरे के इस भारी दबाव को इमारत झेल नहीं सकी और भरभराकर ढह गई। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से फिलहाल पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

इस हादसे के इतर, पुणे शहर और पिंपरी-चिंचवड़ के औद्योगिक व रिहायशी इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह पटरी से उतार दिया है। शहर के निचले इलाकों में पानी भरना शुरू हो गया है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो रही है। मुख्य सड़कों पर पानी जमा होने के कारण कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है, जिससे पिंपरी-चिंचवड़ के औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों और आम जनता को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिना किसी जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें।

Advertisement