नासिक: महाराष्ट्र के नासिक जिले से दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां एक कार के कुएं में गिरने से एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 6 मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिससे पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
पढ़ें :- प्रयागराज में बड़ा हादसा: धमाके से ढहा कोल्ड स्टोरेज , 20 लोगों के दबे होने की आशंका, कई मजदूरों की मौत
यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार रात करीब 10 बजे डिंडोरी के शिवाजी नगर इलाके में हुआ। जानकारी के मुताबिक, परिवार एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम से लौट रहा था, तभी उनकी कार अचानक पास के कुएं में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला, जिसमें दो क्रेन और तैराकों की मदद से कार को कुएं से बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक कार में सवार सभी लोगों की मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सुनील दत्तू दरगुडे (32), उनकी पत्नी रेशमा, आशा अनिल दरगुडे (32) और परिवार के छह बच्चों (पांच लड़कियां और एक लड़का) के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर ड्राइवर को कुआं क्यों नहीं दिखा। चश्मदीदों की तलाश की जा रही है और आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके। यह हादसा एक पल की चूक कैसे पूरे परिवार की जिंदगी खत्म कर देता है, इसकी दर्दनाक मिसाल बन गया है।