पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक बहुत ही चौकाने वाली घटना सामने आई है। यहां चंदूइया गांव में एक नवविवाहिता ने घरेलू विवाद से नाराज होकर अपने ही ससुराल वालों के खाने में नशीला या जहरीला पदार्थ मिला दिया। इस सब्जी को खाने के बाद पति और सास-ससुर की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद घटना की गंभीरता को देखते हुए तीनों को गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पढ़ें :- लखनऊ में पुलिस बूथ के पास बेखौफ बदमाशों ने तोड़ी एटीएम मशीन, बिना नंबर की कार से हुए फरार
मुख्य बिंदु
नवविवाहिता का नाम रोशनी है। जब इस घटना की सूचना पुलिस को मिली तो आरोपी पत्नी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मामला दर्ज कर लिया गया है। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, चंदूइया गांव के एक परिवार में कुछ ही समय पहले रोशनी नाम की युवती की शादी होकर आई थी। घटना वाले दिन किसी बात को लेकर बहू का अपने पति और सास-ससुर से तीखा झड़प हुआ था। इस घरेलू कलह से नाराज होकर बहू ने रसोई में बनी सब्जी में कोई नशीला या जहरीला पदार्थ मिला दिया। रात को जब पूरे परिवार ने खाना खाया, तो कुछ ही देर बाद तीनों बेहोश होकर गिर पड़े।
चीख-पुकार मचने पर दौड़े पड़ोसी
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, घर के भीतर से रोने-चीखने और अजीब आवाजें आने पर आस-पड़ोस के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। तीनों पीड़ित अचेत अवस्था में जमीन पर पड़े थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। ग्रामीणों ने बिना देरी किए मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी और एम्बुलेंस की मदद से तीनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीलीभीत जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पढ़ें :- मेरठ में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी जाल का पर्दाफाश, यूपी एटीएस ने 'जफर' को दबोचा
आरोपी बहू पुलिस हिरासत में
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। उसके बाद भोजन के सैंपल को जांच के लिए ले लिया है। वहीं, ग्रामीणों और पीड़ितों के बयानों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी रोशनी को मौके से ही हिरासत में ले लिया। हांलाकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला से पूछताछ की जा रही है कि उसने खाने में कौन सा नशीला पदार्थ मिलाया था और इसके पीछे उसका क्या मकसद था।