होशियारपुर: पंजाब पुलिस ने होशियारपुर के टांडा थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा के खिलाफ सामने आए उगाही के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन होशियारपुर भेज दिया है। यह कदम मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही जानकारियों के बाद उठाया गया है। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई के कथित ऑपरेशन ‘हार्डबाल’ के दौरान सामने आए एक उगाही मामले में इंस्पेक्टर नागरा का नाम सामने आया है। हालांकि, पंजाब पुलिस ने साफ किया है कि अभी तक इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है और जांच पूरी होने तक उन्हें एहतियात के तौर पर थाने से हटाया गया है।
पढ़ें :- पुणे में भारी बारिश का कहर: पिंपरी-चिंचवड़ में कचरे का ढेर गिरने से इमारत ढही, 16 लोगों के दबे होने की आशंका
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जालंधर रेंज के डीआईजी ने फैक्ट फाइंडिंग जांच के आदेश दिए हैं। इसकी जिम्मेदारी जालंधर देहात के एसपी (जांच) को सौंपी गई है। जांच अधिकारी सभी दस्तावेजों, आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर अपनी रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपेंगे। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी नतीजे पर पहुंचना उचित नहीं होगा। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं आरोप गलत साबित होने पर उसी आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा।
पूरा मामला होशियारपुर के टांडा क्षेत्र स्थित मियानी गांव में हुई बलविंदर सिंह की हत्या से जुड़ा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हत्या की जांच के दौरान तत्कालीन थाना प्रभारी गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने अमेरिका में रह रहे परिवार के सदस्यों से कई बार संपर्क किया और कथित तौर पर करीब 3.82 करोड़ रुपये की मांग की। परिवार का यह भी आरोप है कि रकम नहीं देने पर उन्हें हत्या के मामले में फंसाने की धमकी दी गई।
परिवार ने इस मामले की शिकायत अमेरिकी एजेंसियों से भी की थी। बाद में सामने आई जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान संबंधित अधिकारी और अमेरिका में रह रहे परिवार के बीच हुई कई बातचीत के रिकॉर्ड मिलने का दावा किया गया। इसके अलावा कुछ कथित गैंगस्टरों से संपर्क होने के आरोप भी सामने आए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।