आरा। बिहार में भोजपुर जिले के गड़हनी-मनैनी पथ पर बालबांध गांव के पास आज 30 जून दिन मंगलवार की सुबह एक बाइक सवार दंपती की ट्रक ट्रेलर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। यह घटनास्थल चरपोखरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इस हादसे के बाद गुस्से में गांव वालो ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत करने के लिए लोगों को समझाने-बुझाने में जुटी है।
पढ़ें :- गाजियाबाद-अलीगढ़ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, ऑटो और ई-रिक्शा की टक्कर में दो की मौत, एक गंभीर
मृतकों की पहचान 30 वर्षीय अर्जुन पाल और उनकी 26 वर्षीय पत्नी रानी देवी के रूप में हुई है जो चरपोखरी थाना क्षेत्र के बहरी गांव निवासी है। बताया जा रहा है कि दंपती आज यानी मंगलवार की सुबह बाइक से अपने गांव बहरी से गड़हनी जा रहे थे। इसी दौरान बालबांध गांव के पास पीछे से आ रहे ट्रक ट्रेलर की चपेट में आने से दंपती की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हांलाकि बाइक और ट्रक ट्रेलर दोनों एक ही दिशा में जा रहे थे, तब यह हादसा हुआ।
ट्रक ट्रेलर को किया जब्त
इस घटना के बाद पुलिस ने ट्रक ट्रेलर को जब्त कर लिया। साथ ही स्थानीय लोगों और ग्रामीणों की मदद से चालक को भी पकड़ लिया गया है। फिलहाल पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया है। वर्तमान समय में इस दुर्घटना से नाराज ग्रामीणों ने मृतकों के स्वजन को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम किया है। स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराने का प्रयास कर रही है। अभी पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।