लखनऊ। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ने लगी है। एनडीए को हराने के लिए बने विपक्षी इंडिया गठंधन में टूट दिख रही है। अब राष्ट्रीय लोकदल के भाजपा के साथ जाने की अटकलें तेज हो गईं हैं। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय लोकदल को सात सीटें देकर गठबंधन को आगे बढ़ाने का इशार किया था। हालांकि, अब राष्ट्रीय लोकदल को लेकर कई तरह की अटकलें शुरू हो गयीं हैं। अब इस पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को बड़ा बयान आया है।
पढ़ें :- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रंप पर पूर्व मिस स्वीट्जरलैंड ने लगाया दुष्कर्म का सनसनीखेज आरोप, बोलीं-‘कपड़े फाड़े, खून बहने लगा’
अखिलेश यादव ने कहा कि, जयंत चौधरी जी बहुत ही सुलझे हुए इंसान हैं और बहुत पढ़े-लिखे हैं। वे राजनीति को समझते हैं, मुझे उम्मीद है कि किसानों की लड़ाई के लिए जो संघर्ष चल रहा है, वे उसे कमज़ोर नहीं होने देंगे।
वहीं, सपा सांसद डिंपल यादव का इस मामले में बयान आया है। उन्होंने कहा कि, जिस तरह भाजपा सरकार किसानों के विरुद्ध काम कर रही है, बजट में किसी भी प्रकार की एमएसपी का जिक्र नहीं है, भाजपा के द्वारा हमारी पहलवान बहनों का अपमान हुआ है, मैं नहीं मानती की आरएलडी के नेता जयंत चौधरी इस तरह का कोई कदम उठाएंगे जिससे किसानों को नुकसान पहुंचे।
इसके साथ ही सपा महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि, बीजेपी के लोग भ्रमित कर रहे हैं, हम जयंत चौधरी को जानते हैं वह इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर ही चुनाव लड़ेंगे और बीजेपी को हराएंगे।