Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पश्चिम बंगाल के सुजापुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, अगर हम अपने हक के लिए खड़े नहीं हुए तो लोकतंत्र और संविधान खत्म हो जाएगा। ये खतरे की घंटी है। BJP सरकार फिर से आई तो नरेंद्र मोदी तानाशाह बन जाएंगे। देश में भाईचारे को खत्म कर देंगे।
पढ़ें :- ED Big Action : आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी की 426.46 करोड़ की ईडी ने अटैच की संपत्ति, बाजार मूल्य 1170 करोड़ रुपये
उन्होंने आगे कहा कि, हमारे देश में मालदा की एक खास पहचान है। यहां के सुपुत्र एबीए गनी खान चौधरी जी का इस क्षेत्र के विकास में बहुत योगदान रहा है। गनी खान चौधरी जी अपनी बात के पक्के थे, वे किसी से डरते नहीं थे। जब इंदिरा गांधी जी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया, तब उन्होंने गांव-गांव में सरकारी बैंकों की शाखा खोली और गरीबों को लोन दिलवाने का काम किया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, पंडित जवाहरलाल नेहरू जी ने लोकतंत्र को मजबूती दी। बाबासाहेब अंबेडकर जी ने देश को संविधान दिया, जिसका हम सभी को पालन करना चाहिए। लेकिन नरेंद्र मोदी ऐसा नहीं करते, वे बस कांग्रेस को बुरा-भला कहकर आगे बढ़ना चाहते हैं। कांग्रेस ने देश में मनरेगा शुरू किया, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम लाई और शिक्षा का अधिकार दिया। नरेंद्र मोदी ने क्या किया?
इसके साथ ही कहा, नरेंद्र मोदी ने कहा था…विदेशों से काला धन वापस लाऊंगा, सभी के खाते में 15-15 लाख रुपए डालूंगा, किसानों की आमदनी दोगुनी कर दूंगा, युवाओं को 2 करोड़ रोजगार दूंगा लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ, वे सिर्फ झूठ बोलते हैं। नरेंद्र मोदी ‘झूठों के सरदार’ हैं। साथ ही कहा, नरेंद्र मोदी ने एक और झूठ बोला। मोदी जी कह रहे हैं कि कांग्रेस जातिगत जनगणना कर आपका मंगलसूत्र तक छीन लेगी। देश में 55 साल कांग्रेस की सरकार रही, क्या हमने किसी का मंगलसूत्र छीना? कांग्रेस ने तो हमेशा देश के विकास के लिए काम किया है।