अरवल। बिहार के अरवल जिले के कलेर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 139 (NH-139) पर आज एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार थार कार ने सड़क किनारे खड़ी नौ वर्षीय बच्ची को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद से इलाके में भारी तनाव का माहौल है।
पढ़ें :- आगरा में बड़ी साइबर ठगी, फर्जी आईडी बनाकर आरटीजीएस से उड़ाए ₹30 लाख
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृत बच्ची की पहचान नौ वर्षीय रागिनी कुमारी के रूप में हुई है। वह घटना के वक्त राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खड़ी थी, तभी पटना की ओर से आ रही एक अनियंत्रित और अत्यधिक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने उसे रौंदते हुए उसके पास खड़े दो अन्य लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रागिनी घटनास्थल पर ही दम तोड़ दी। वहीं, अन्य दो घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति बेहद नाजुक है। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
इस हादसे से गुस्साए स्थानीय ग्रामीणों ने बच्ची के शव को NH-139 पर रखकर सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण हाईवे के दोनों ओर से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारी ग्रामीण पीड़ित परिवार के लिए तत्काल उचित मुआवजे की मांग और दोषी थार चालक की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
पढ़ें :- सिद्धार्थनगर में दर्दनाक सड़क हादसा, डंपर पलटने से चालक की दर्दनाक मौत
इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां अधिकारियों ने उग्र ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया। काफी समझाने-बुझाने और आपदा राहत कोष से सरकारी मुआवजा दिलाने के लिखित आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क से जाम हटाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात पुन: शुरू हुआ। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना करने वाली थार गाड़ी और उसके चालक की पहचान के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की छानबीन की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।