नई दिल्ली। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को बच्चों से बहुत प्रेम था। वे मानते थे कि किसी भी देश का भविष्य उसके बच्चों के बेहतर पालन-पोषण, शिक्षा और रचनात्मक विकास पर निर्भर करता है। इसी सोच ने ‘बाल भवन’ जैसी संस्था की नींव रखी, जिसने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी प्रतिभा निखारने और नए हुनर सीखने का अवसर दिया।
पढ़ें :- यह कहना गलत है कि पीएम मोदी ने जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया : पी. चिदंबरम
बाल भवन की परिकल्पना के पीछे नेहरू की विदेश यात्रा का भी अहम योगदान माना जाता है। तत्कालीन सोवियत संघ यानी रूस में बच्चों के लिए उपलब्ध रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों को देखकर नेहरू काफी प्रभावित हुए थे। वहां उन्हें लगा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किताबी शिक्षा के साथ-साथ उन्हें खेल, कला, संगीत, विज्ञान और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का मौका भी मिलना चाहिए।
इसी विचार को अपने वतन में साकार करने के उद्देश्य से दिल्ली में बाल भवन की शुरुआत की गई। शुरुआत में यहां बच्चों के लिए सीमित संसाधन थे। साथ ही सभी गतिविधियां टिन शेड जैसे साधारण ढांचे में संचालित होती थीं। लेकिन इस छोटी-सी शुरुआत के पीछे बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने का बड़ा सपना था।
बाल भवन का उद्देश्य बच्चों को एक ऐसा मंच प्रदान करना था, जहां वे बिना किसी दबाव के अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुसार सीख सकें। यहां पर बच्चों को चित्रकला, संगीत, नृत्य, हस्तकला, विज्ञान, खेल और दूसरी रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिला।
बता दें कि बढ़ते समय के साथ बाल भवन ने एक संस्थागत रूप ले लिया और देशभर के बच्चों के लिए रचनात्मक शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बन गया। इस पहल ने यह संदेश दिया कि बच्चों की प्रतिभा केवल स्कूल की कक्षाओं और परीक्षाओं तक सीमित नहीं होती। उन्हें सही अवसर और प्रोत्साहन मिले, तो वे अपनी क्षमताओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।
पढ़ें :- महबूबा मुफ्ती का विवादित बयान, बोलीं- 'गांधी और नेहरू का हिंदुस्तान अब बदल गया है लिंचिस्तान में
आज बाल भवन का इतिहास जवाहरलाल नेहरू की उस सोच की याद दिलाता है, जिसमें बच्चों को देश का सबसे महत्वपूर्ण भविष्य माना गया था। दिल्ली के एक साधारण टिन शेड से शुरू हुई यह पहल इस बात का उदाहरण है कि एक बड़ा बदलाव लाने के लिए संसाधनों से ज्यादा जरूरी एक मजबूत विचार और उसे पूरा करने का प्रण होता है।