IND vs PAK : एफआईएच प्रो लीग 2025-26 में भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान को ऐसी करारी हार दी है, जो पड़ोसियों को कई सालों तक याद रहने वाली है। शुक्रवार को लंदन के ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में खेले गए इस हाईवोल्टेज मैच में भारत ने पाकिस्तान को 7-1 धूल चटाई। जबकि इस मैच में शुरुआती गोल पाकिस्तान के नाम रहा था। इंग्लैंड के खिलाफ शूटआउट में हार के बाद मिली इस जीत ने भारतीय फैन्स को जश्न मनाने का मौका दिया।
पढ़ें :- हार्दिक पांड्या ने गुपचुप तरीके से की दूसरी शादी? गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा की सिंदूर लगाए फोटो वायरल
मैच की शुरुआत से ही भारत टीम ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और लगातार हमले किए। लेकिन, शुरुआती तीन पेनल्टी कॉर्नर गंवाने के बाद भारत को 13वें मिनट में झटका लगा। जब पाकिस्तान को मिले पेनल्टी कॉर्नर पर कप्तान अबू महमूद ने जोरदार ड्रैग-फ्लिक लगाकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि, दूसरे क्वार्टर में भारत ने जबर्दस्त वापसी की और स्कोर को 2-1 पर ला दिया। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में भारत ने खेल को पूरी तरह अपने नियंत्रण में लिया और चार गोल दागे। इस तरह से तीसरा क्वार्टर खत्म होने तक भारतीय टीम ने 6-1 बढ़त बना ली थी।
आखिरी क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह ने 54वें मिनट में शांति से गेंद को गोल में पहुंचाकर भारत की बढ़त को और मजबूत किया। भारतीय टीम के लिए सुखजीत सिंह (20वें मिनट), हरमनप्रीत सिंह (26वें मिनट), हार्दिक सिंह (34वें मिनट), जुगराज सिंह (35वें मिनट), अभिषेक (41वें मिनट), राज कुमार पाल (44वें मिनट) और दिलप्रीत सिंह (54वें मिनट) ने गोल दागे। यह जीत भारत की जबर्दस्त वापसी का प्रतीक रही।