IND vs SL 2nd Test : भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच आज से कोलंबो के सिंहलीज़ स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। खेल के पहले दिन लंच ब्रेक तक दोनों टीमों के बीच बराबरी का मुकाबला देखने को मिला है।
पढ़ें :- ऑस्ट्रेलिया ने लिया हार का खतरनाक बदला, बांग्लादेश को दो दिन में वापस भेजा घर
बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद, भारत के ओपनर्स ने सधी हुई शुरुआत की और पहले घंटे के ज़्यादातर समय तक सहज दिखे। केएल राहुल अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन ड्रिंक्स ब्रेक से ठीक पहले लाहिरू कुमारा की ऑफ-स्टंप के बाहर जाती गेंद का पीछा करते हुए उनका कैच विकेटकीपर के हाथों में चला गया। पडिक्कल की शुरुआत घबराहट भरी रही और वे किस्मत वाले रहे कि दो बार आउट होने से बच गए; पॉइंट और स्लिप पर उनके कैच छूटे।
वहीं, जायसवाल ने आक्रामक रुख अपनाया और असिता फर्नांडो के एक ओवर में तीन चौके जड़े, लेकिन उसी ओवर में बाद में उसी गेंदबाज ने उन्हें बोल्ड कर दिया। मैदान पर एक तनावपूर्ण पल के दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस भी हुई। इसके बाद से शुभमन गिल और पडिक्कल क्रीज पर आत्मविश्वास से भरे दिखे और एक अच्छी पार्टनरशिप के साथ भारतीय पारी को संभाला।
लंच ब्रेक तक भारत ने पहली में पारी में 25 ओवर खेलकर 88 रन बना लिया है। कप्तान गिल 11 (29) और पडिक्कल 13 (35) रन बनाकर नाबाद हैं। भारत को उम्मीद होगी कि लंच के बाद ये दोनों खिलाड़ी इस अच्छी शुरुआत को आगे बढ़ा पाएंगे, हालांकि नई गेंद से श्रीलंकाई तेज गेंदबाजों को अभी भी थोड़ी मूवमेंट मिल रही है, जिससे अगला सेशन दिलचस्प हो सकता है।