डिजिटल, पर्दाफाश। नई दिल्ली में बुधवार 30 सितंबर को INDIA ब्लॉक के दल एक बार फिर साथ बैठेंगे। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर उठे विवाद और चुनाव आयोग के कामकाज से जुड़े हालिया घटनाक्रम पर चर्चा होने की संभावना है। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आगे की कार्रवाई और संसद में संयुक्त कदम उठाने को लेकर भी अपना रुख तय कर सकते हैं।
पढ़ें :- सुप्रीम कोर्ट CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका पर सुनवाई के लिए तैयार, एकतरफा फैसले लेने के हैं आरोप
हालांकि बैठक में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव मौजूद नहीं रहेंगे। सपा की ओर से एक वरिष्ठ नेता दिल्ली पहुंचकर पार्टी का पक्ष रखेगा। अखिलेश यादव ने पहले से तय लखनऊ कार्यक्रम का हवाला दिया है। 30 सितंबर को वह पार्टी के किसान सम्मेलन में शामिल होने वाले हैं। कांग्रेस की ओर से भी कहा गया है कि अखिलेश का कार्यक्रम पहले से निर्धारित था।
उद्धव ठाकरे ऑनलाइन जुड़ेंगे, कई बड़े चेहरे रहेंगे मौजूद
शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हो सकते हैं। INDIA ब्लॉक की इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के अलावा तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी, राजद नेता तेजस्वी यादव, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और सीपीआई (एम) महासचिव एमए बेबी समेत कई नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
बैठक ऐसे समय हो रही है जब SIR को लेकर चुनाव आयोग के भीतर फैसलों पर असहमति की खबरें सामने आई हैं। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। वहीं चुनाव आयोग की ओर से प्रक्रिया को कानूनी प्रावधानों के तहत बताया गया है।
पढ़ें :- भाजपा इस बार जाएगी तो फिर कभी नहीं आएगी, इनकी घूसख़ोरी की वजह से पुल, टंकी, एक्सप्रेसवे सब पानी में मिलते रहेंगे: अखिलेश यादव
संसद में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्ताव पर चर्चा संभव
बैठक का एक अहम मुद्दा CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग से जुड़ा हो सकता है। विपक्षी दल संसद में उनके खिलाफ रिमूवल मोशन लाने और इस मुद्दे पर संयुक्त रूप से आगे बढ़ने की संभावनाओं पर विचार कर सकते हैं। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों सदनों में प्रस्ताव से जुड़े कदमों के लिए विपक्षी दलों से समर्थन जुटाने पर भी बातचीत हो सकती है।
SIR को लेकर विवाद अब संसद से बाहर भी राजनीतिक मुद्दा बन चुका है। 2 अक्टूबर को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शनों को लेकर अलग-अलग संगठनों और विपक्षी दलों की गतिविधियां तेज हुई हैं। शिवसेना (UBT) की ओर से भी इस आंदोलन को समर्थन दिए जाने की बात सामने आई है।
करीब साढ़े तीन महीने बाद आमने-सामने होंगे सहयोगी दल
INDIA ब्लॉक की पिछली बड़ी बैठक 8 जून को हुई थी, जिसमें कई प्रमुख विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए थे। पिछली बैठक में आम आदमी पार्टी और डीएमके का कोई भी नेता शामिल नहीं हुए थे, तो देखना होगा इस बार दोनों पार्टी आएंगी या दूरी बना कर ही रखेंगी। अब लंबे अंतराल के बाद होने वाली इस बैठक में चुनावी मतदाता सूची, SIR और चुनाव आयोग से जुड़े विवाद पर विपक्ष की अगली साझा रणनीति पर फोकस रहने की संभावना है।
पढ़ें :- यूपी अब नागरिक सीना तानकर और माफिया सिर झुकाकर चलता है, नए स्लोगन के साथ गिरगिट की तरह रंग बदल रही सपा : सीएम योगी
अखिलेश यादव की गैरमौजूदगी के बावजूद सपा बैठक में अपना प्रतिनिधि भेजेगी। ऐसे में दिल्ली की बैठक में विपक्षी दलों के बीच SIR के साथ-साथ CEC के खिलाफ प्रस्ताव और आगे होने वाले आंदोलनों को लेकर समन्वय पर खास नजर रहेगी।