IPL 2026: गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेले गए बारिश से प्रभावित मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को 27 रन से हरा दिया। लगातार बारिश के कारण मैच देरी से शुरू हुआ और ओवर घटाकर 11-11 कर दिए गए, लेकिन कम ओवर के इस मुकाबले में भी रोमांच भरपूर देखने को मिला। राजस्थान की जीत की नींव उसकी तूफानी शुरुआत ने रखी। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने पहले ही ओवर से आक्रामक रुख अपनाया। जायसवाल ने दीपक चाहर के पहले ओवर में 4 चौके और 1 छक्का लगाकर 22 रन बटोर लिए, जिससे टीम ने तेजी से रन गति पकड़ ली।
पढ़ें :- Duleep Trophy Final : वैभव सूर्यवंशी को देखने के लिए चेपॉक में उमड़ी जबर्दस्त भीड़! 15 वर्षीय खिलाड़ी ने फैंस को नहीं किया निराश
इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने भी पीछे नहीं हटते हुए जसप्रीत बुमराह की पहली ही गेंद पर शानदार सिक्स जड़ा और उसी ओवर में एक और छक्का लगाकर विपक्षी टीम पर दबाव बना दिया। दोनों बल्लेबाजों की विस्फोटक बल्लेबाजी का ही नतीजा रहा कि राजस्थान ने महज 2.4 ओवर में 50 रन पूरे कर लिए, जो IPL इतिहास की दूसरी सबसे तेज टीम फिफ्टी है। इसके साथ ही टीम ने अपने ही पुराने रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली।
इस मैच में कई व्यक्तिगत रिकॉर्ड भी बने। वैभव सूर्यवंशी 19 साल या उससे कम उम्र में IPL में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। वहीं जायसवाल ने IPL में अपने 100 सिक्स पूरे कर लिए और लगातार दूसरी फिफ्टी भी लगाई, जिससे उनकी शानदार फॉर्म जारी रही।
मैच के दौरान एक दिलचस्प घटना भी देखने को मिली, जब शेरफेन रदरफोर्ड का 92 मीटर लंबा सिक्स स्टैंड में बैठी एक बच्ची को जा लगा। हालांकि तुरंत मदद पहुंचाई गई। बारिश के कारण मुकाबला तय समय से करीब 2 घंटे 40 मिनट देरी से शुरू हुआ, लेकिन राजस्थान ने हालात का पूरा फायदा उठाते हुए आक्रामक खेल दिखाया और मुंबई को मैच में वापसी का मौका नहीं दिया। इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने यह साबित कर दिया कि टीम किसी भी परिस्थिति में तेज और प्रभावी क्रिकेट खेलने में सक्षम है।