Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. IPL
  3. SRH के डेब्यूटेंट्स का तूफान: हिंगे-साकिब ने 4-4 विकेट लेकर रचा इतिहास, IPL इतिहास में पहली बार हुआ है ये कारनामा

SRH के डेब्यूटेंट्स का तूफान: हिंगे-साकिब ने 4-4 विकेट लेकर रचा इतिहास, IPL इतिहास में पहली बार हुआ है ये कारनामा

By हर्ष गौतम 
Updated Date

IPL 2026:  सनराइजर्स हैदराबाद के लिए IPL 2026 का पांचवां मैच इतिहास में दर्ज हो गया, जहां टीम के दो डेब्यूटेंट तेज गेंदबाजों ने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसकी किसी ने कल्पना तक नहीं की थी। प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपनी घातक गेंदबाजी से मैच का रुख ही पलट दिया। मैच की शुरुआत में ही हिंगे ने पहली गेंद पर वैभव सूर्यवंशी को आउट कर सनसनी फैला दी। इसके बाद उन्होंने लगातार विकेट निकालकर राजस्थान की बल्लेबाजी को बैकफुट पर धकेल दिया। दूसरी ओर साकिब हुसैन ने भी कसी हुई लाइन-लेंथ और सटीक गेंदबाजी से बल्लेबाजों को टिकने का मौका नहीं दिया।

पढ़ें :- IPL के लिए PSL को "बाय-बाय" करने पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ब्लेसिंग मुजरबानी पर लगाया दो साल का बैन

दोनों गेंदबाजों ने 4-4 विकेट झटकते हुए एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। IPL के इतिहास में यह सिर्फ चौथी बार हुआ है जब एक ही पारी में एक टीम के दो गेंदबाजों ने 4-4 विकेट लिए हों। डेब्यूटेंट्स ने ये कारनामा पहली बार किया है। हिंगे ने 34 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि साकिब ने 24 रन देकर इतने ही बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इस मैच की सबसे खास बात यह रही कि दोनों खिलाड़ी अपना डेब्यू मैच खेल रहे थे। हिंगे प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे, जबकि साकिब को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर ट्रैविस हेड की जगह उतारा गया। डेब्यू मैच में इस तरह का प्रदर्शन अपने आप में एक अनोखा रिकॉर्ड बन गया है।

इससे पहले IPL में ऐसा कारनामा सिर्फ तीन बार ही देखने को मिला था। साल 2012 में मुनाफ पटेल और किरोन पोलार्ड ने मुंबई इंडियंस के लिए 4-4 विकेट लिए थे। इसके बाद 2015 में मिचेल स्टार्क और श्रीनाथ अरविंद ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए यह उपलब्धि हासिल की। फिर 2023 में मोहम्मद शमी और मोहित शर्मा ने गुजरात टाइटन्स के लिए एक ही मैच में 4-4 विकेट लेकर इतिहास दोहराया था। अब प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने इस एलीट क्लब में अपनी जगह बना ली है। हालांकि, सबसे खास बात यह है कि IPL के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब दो गेंदबाजों ने अपने डेब्यू मैच में ही एक ही पारी में 4-4 विकेट लेकर नया इतिहास रच दिया।

Advertisement