कानपुर: कानपुर में एक नाबालिग लड़की से गैंगरेप के मामले में पिछले 144 दिनों से फरार चल रहे दरोगा अमित कुमार मौर्या को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दरोगा पर 50 हजार रुपए का इनाम था।
पढ़ें :- 18 साल से तांत्रिक के चंगुल में थी मां, अंधविश्वास से दूर करने के लिए, बेटे ने किया था 'परदेसी बाबा' का मर्डर
क्या है पूरा मामला?
यह घटना इसी साल 5 जनवरी की है। सचेंडी इलाके की रहने वाली 14 साल की एक लड़की ने आरोप लगाया था कि जब वह रात में करीब साढ़े नौ बजे शौच के लिए घर से बाहर गई थी, तब भीमसेन चौकी में तैनात दरोगा अमित कुमार मौर्या और यूट्यूबर शिवबरन यादव ने उसके साथ गैंगरेप किया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया था। घटना के बाद यूट्यूबर को तो गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, लेकिन दरोगा तभी से फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने दरोगा को सस्पेंड कर उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया था।
सड़क से हुई गिरफ्तारी, कोर्ट में चार्जशीट दाखिल
पढ़ें :- हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, 6 मजदूरों की मौत, तीन सुरक्षित निकाले गए
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (हेडक्वार्टर) संकल्प शर्मा ने बताया कि 29 मई को सचेंडी पुलिस ने आरोपी दरोगा अमित मौर्या को सचेंडी से ग्राम सोना जाने वाली सड़क से दबोच लिया। पुलिस इस मामले में दरोगा के खिलाफ पहले ही कोर्ट में करीब 500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। दरोगा के गोरखपुर स्थित घर पर मुनादी कराकर नोटिस भी लगाया गया था और उसे 30 अप्रैल तक कोर्ट में हाजिर होने का वक्त दिया गया था, लेकिन वह सामने नहीं आया। आखिरकार आज पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।