Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर: सरकारी डॉक्टर ने रात 2 बजे खुद को गोली मारी, पत्नि से विवाद की आशंका, 7 साल पहले दूसरी शादी हुई थी

कानपुर: सरकारी डॉक्टर ने रात 2 बजे खुद को गोली मारी, पत्नि से विवाद की आशंका, 7 साल पहले दूसरी शादी हुई थी

By Harsh 
Updated Date

कानपुर के निराला नगर में रविवार देर रात सरकारी सर्जन डॉ. संदीप सिंह ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने खुद को सीने में गोली मार ली। 47 वर्षीय संदीप कानपुर देहात के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जनरल सर्जन के तौर पर तैनात थे। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में पत्नी से हुए विवाद को घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि मामले की पूरी तस्वीर जांच के बाद ही साफ होगी।

पढ़ें :- यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा का आज दूसरा दिन: कानपुर में AI से नकल कराने की साजिश नाकाम, केमिस्ट्री लेक्चरर समेत 3 गिरफ्तार

काफी देर से चल रहा था पारिवारिक तनाव

पुलिस और परिवार से मिली जानकारी के अनुसार घटना से पहले संदीप और उनकी पत्नी कंचन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह घर के दूसरे हिस्से में चले गए। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनकर पत्नी वहां पहुंचीं और परिजनों को सूचना दी। घटना ब्लॉसम अपार्टमेंट में हुई। संदीप को तत्काल रीजेंसी अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं।

2006 में MBBS, LLR में करीब 9 साल किया काम

डॉ. संदीप सिंह ने 2006 में देहरादून के जॉली ग्रांट मेडिकल कॉलेज से MBBS किया था। इसके बाद GSVM मेडिकल कॉलेज, कानपुर से 2010 में MS की डिग्री हासिल की। पेशेवर जीवन में उन्होंने कानपुर के LLR अस्पताल में करीब नौ साल काम किया। इसके बाद उनकी तैनाती कन्नौज में रही और लगभग डेढ़ साल से वह कानपुर देहात के CHC में सेवाएं दे रहे थे।

पढ़ें :- कानपुर में दवा कारोबारी ने अपनी जुड़वा बेटियों को गला रेतकर मार डाला, फिर खुद पुलिस को फोन करके दी सूचना

निजी जिंदगी में भी उनके जीवन में बदलाव आए थे। पहली शादी खत्म होने के बाद उन्होंने 2019 में कासगंज की रहने वाली कंचन से शादी की थी। दोनों के दो छोटे बच्चे हैं। परिवार के अनुसार शादी के बाद से दोनों के बीच कई बार विवाद हुए थे और परिजन बीच-बचाव भी करते रहे थे।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से लाइसेंसी रिवॉल्वर कब्जे में लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, अभी जांच जारी है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के बाद ही स्पष्ट होगी।

Advertisement