उत्तर प्रदेश में 42 हजार होमगार्ड पदों पर भर्ती के लिए चल रही परीक्षा के दूसरे दिन भी सख्त निगरानी के बीच परीक्षाएं जारी रहीं। इस बीच कानपुर में AI की मदद से नकल कराने की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस ने केमिस्ट्री के एक लेक्चरर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जो परीक्षा में नकल कराने की तैयारी कर रहे थे...
Lucknow: उत्तर प्रदेश में 42 हजार होमगार्ड पदों पर भर्ती के लिए चल रही परीक्षा के दूसरे दिन भी सख्त निगरानी के बीच परीक्षाएं जारी रहीं। इस बीच कानपुर में AI की मदद से नकल कराने की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस ने केमिस्ट्री के एक लेक्चरर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जो परीक्षा में नकल कराने की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रिंटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से परीक्षा के सवालों के जवाब तैयार कर रहे थे। इसके लिए एनसीसी के बंद क्लासरूम का इस्तेमाल किया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने छापा मारकर तीनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
वहीं, लखनऊ में परीक्षा देने जा रहे एक अभ्यर्थी की सड़क हादसे में मौत हो गई, जिससे परिवार में मातम छा गया। परीक्षा के दूसरे दिन सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सख्त जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। रेटिना स्कैन, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और अन्य सुरक्षा जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा हॉल में भेजा गया।
भर्ती बोर्ड के मुताबिक, पहले दिन श्रावस्ती को छोड़कर राज्य के 74 जिलों में 1053 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई थी। दोनों पालियों में करीब 25 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कुल 8,44,066 अभ्यर्थियों के स्थान पर 6,35,856 यानी 75.33 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए लगभग 25 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। परीक्षा 2 घंटे की है और कुल 100 अंकों की लिखित परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जा रहे हैं।
इससे पहले उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए थे कि किसी भी अभ्यर्थी से धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों जैसे कलावा और मंगलसूत्र को न उतरवाया जाए। बोर्ड ने चेतावनी दी थी कि यदि ऐसा कोई मामला सामने आता है तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।परीक्षा में AI से नकल कराने की साजिश नाकाम, केमिस्ट्री लेक्चरर समेत 3 गिरफ्तार