Vigilance Probe ordered against Gyanesh Kumar : वोट चोरी के आरोपों में घिरे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एकतरफ, देशभर में विपक्षी दल और सीजेपी उनके इस्तीफे की मांग लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं तो दूसरी तरफ, केरल सरकार ने ज्ञानेश कुमार से जुड़े एक पुराने मामले में विजिलेंस जांच के आदेश दिये हैं। जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ने वाली है।
पढ़ें :- ज्ञानेश कुमार के घर के गेट पर 'गद्दार' लिखने वाले छह कांग्रेसी जेल से रिहा, बोले- जब तक 'लोकतंत्र का हत्यारा' अपनी कुर्सी पर बना रहेगा, तब तक ये लड़ाई जारी रखेंगे
केरल के गृहमंत्रालय के अनुसार, राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मामले की विजिलेंस जांच के आदेश दिए हैं। यह मामला 2006 में राज्य के लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव के तौर पर उनके कार्यकाल के दौरान हुई अनियमितताओं के आरोपों से जुड़ा है। यह मामला मलेशियाई सिविल इंजीनियर ली सी बीन की आत्महत्या से संबंधित है, जो केरल राज्य परिवहन परियोजना के तहत MC रोड के अपग्रेडेशन में शामिल PATI-BEL कंसोर्टियम से जुड़े थे।
खबरों के अनुसार, उनके सुसाइड नोट में ज्ञानेश कुमार का ज़िक्र था। यह जांच उन आरोपों के बाद शुरू की जा रही है जिनमें कहा गया है कि बाहरी दबाव डाला गया था और मूल जांच को पटरी से उतार दिया गया था। राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने विजिलेंस डायरेक्टर को सीधे निर्देश दिए हैं कि वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मामले में बाहरी प्रभाव के आरोपों की गहन जांच करें और जांच के नतीजों के आधार पर उचित कार्रवाई करें।