INDIA alliance Meeting : देश की राजधानी नई दिल्ली में बुधवार को विपक्षी इंडिया गठबंधन की अहम बैठक होने वाली है। इस बैठक के लिए विपक्षी दल के नेताओं के दिल्ली पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। यह बैठक ऐसे वक्त पर हो रही है, जब चुनाव आयोग में मतभेद और एसआईआर के फॉर्म 6 को लेकर सियासी घमासान छिड़ा हुआ। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मनमानी का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग कर रहा है।
पढ़ें :- चुनाव आयोग का यू-टर्न, फॉर्म 6 में SIR से जुड़ा डिक्लेरेशन हटाया!
इंडिया गठबंधन की बैठक में SIR प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर संयुक्त आंदोलन की योजना को अंतिम रूप देने की कोशिश की जाएगी। इसके अलावा, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर इस्तीफे को लेकर दबाव बनाने की रणनीति पर भी चर्चा होगी। सूत्रों की मानें तो मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) को हटाने के लिए लोकसभा और राज्यसभा में प्रस्ताव लाने की नई कोशिश के लिए ड्राफ्ट नोटिस तैयार था और बैठक में इसे मंज़ूरी देने पर चर्चा की जाएगी। इस बैठक में देश के सबसे बड़े विपक्षी दल कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी के पूर्व प्रमुख सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, AICC महासचिव जयराम रमेश और के.सी. वेणुगोपाल शामिल होंगे।
पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम व TMC की ममता बनर्जी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन, सीपीआई, CPI(M), NCP(SP) और शिवसेना (UBT) जैसी पार्टियों के नेता मौजूद रहेंगे। इस बीच, दिल्ली में कई जगहों पर इंडिया गठबंधन के नेताओं के खिलाफ पोस्टर दिखे। इन पोस्टर में विपक्षी दलों के नेताओं पर ईवीएम और चुनाव आयोग के लिए दोहरा मापदंड अपनाने के आरोप लगाए।