Cricket updates: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ को महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में एक गलती भारी पड़ गई। श्रीलंका के खिलाफ खिताबी मुकाबले के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है।
पढ़ें :- महिला एशिया कप फाइनल में मोहसिन नकवी को देख, भारतीय फैंस ने लगाए ‘ट्रॉफी चोर’ के नारे...
क्रांति गौड़ ने मैच रेफरी के सामने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। ICC के मुताबिक, पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला डिमेरिट प्वाइंट है।
विकेट लेने के बाद किया था इशारा
विवाद फाइनल के शुरुआती ओवरों में हुआ। क्रांति गौड़ ने श्रीलंका की बल्लेबाज इमेशा दुलानी को आउट किया। विकेट हासिल करने के बाद भारतीय गेंदबाज ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाज को पवेलियन की ओर जाने का इशारा किया।
ICC ने इसी व्यवहार को नियमों का उल्लंघन माना। क्रांति गौड़ को ICC की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 के लेवल-1 अपराध का दोषी पाया गया। इस नियम के तहत आउट होने वाले बल्लेबाज के प्रति अपमानजनक या उकसाने वाले शब्दों, प्रतिक्रिया अथवा इशारों पर कार्रवाई की जाती है। नियम के तहत उन्हें 10 प्रतिशत मैच फीस के जुर्माने के साथ एक डिमेरिट प्वाइंट दिया गया है।
पढ़ें :- महिला एशिया कप का फाइनल आज: श्रीलंका से बदला लेने उतरेगी टीम इंडिया, पिछली बार भारत हारा था
72 रन से भारत ने जीता फाइनल
विवाद के बीच मुकाबले का नतीजा पूरी तरह भारत के पक्ष में रहा। दुबई में खेले गए फाइनल में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर महिला एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की पारी में शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने अर्धशतक जड़कर अहम भूमिका निभाई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 111 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने चार विकेट चटकाए, जबकि श्री चरणी को तीन सफलताएं मिलीं। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एशिया कप का खिताब रिकॉर्ड आठवीं बार अपने नाम कर लिया।