1. हिन्दी समाचार
  2. क्रिकेट
  3. महिला एशिया कप का फाइनल आज: श्रीलंका से बदला लेने उतरेगी टीम इंडिया, पिछली बार भारत हारा था

महिला एशिया कप का फाइनल आज: श्रीलंका से बदला लेने उतरेगी टीम इंडिया, पिछली बार भारत हारा था

क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें आज दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम पर टिकी होंगी, जहां विमेंस एशिया कप के फाइनल में भारत और श्रीलंका आमने-सामने होंगे। मुकाबला रात आठ बजे से शुरू होना है। दोनों फाइनलिस्ट टीमों का सफर इस टूर्नामेंट में बेमिसाल रहा है, क्योंकि दोनों ने अभी तक एक भी मैच नहीं गंवाया है..

By Harsh 
Updated Date

Asia Cup 2026 Final:  क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें आज दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम पर टिकी होंगी, जहां विमेंस एशिया कप के फाइनल में भारत और श्रीलंका आमने-सामने होंगे। मुकाबला रात आठ बजे से शुरू होना है। दोनों फाइनलिस्ट टीमों का सफर इस टूर्नामेंट में बेमिसाल रहा है, क्योंकि दोनों ने अभी तक एक भी मैच नहीं गंवाया है। श्रीलंकाई टीम के पास एक बार फिर इतिहास दोहराने का मौका है, वहीं हरमनप्रीत एंड कंपनी के जेहन में पिछले साल मिली हार का हिसाब चुकता करने की कसक जरूर होगी। टूर्नामेंट में भारत ने अपने ग्रुप चरण के मुकाबलों में थाईलैंड, हांगकांग और पाकिस्तान को धूल चटाई, और फिर सेमीफाइनल में बांग्लादेश को रौंदकर फाइनल का टिकट कटाया।

पढ़ें :- टीम इंडिया का एशियन गेम्स में एक मेडल पक्का, बांग्लादेश को 114 रनों से रौंदकर फाइनल में बनाई जगह

हर एशिया कप के फाइनल में भारत पहुंचा है

एशिया कप के इतिहास पर नजर डालें तो टीम इंडिया का दबदबा ऐसा है कि उसने हर बार खिताबी मुकाबले तक का सफर तय किया है। अब तक खेले गए कुल 10 संस्करणों के फाइनल में भारतीय टीम हमेशा पहुंची है। वनडे फॉर्मेट के चारों फाइनल भारत के नाम रहे हैं, जबकि टी-20 में टीम तीन बार चैंपियन (2012, 2016, 2022) और दो बार रनर-अप (2018, 2024) रही है। अगर बात करें दोनों देशों के बीच टी-20 मुकाबलों की, तो कुल 31 भिड़ंत में भारत ने 25 बार बाजी मारी है, जबकि श्रीलंकाई टीम को केवल 5 मौकों पर जीत मिली है, और एक मैच बेनतीजा रहा। हालिया प्रदर्शन भी पूरी तरह भारतीय पक्ष में झुकता है क्योंकि पिछले 10 मुकाबलों में से 9 में भारत ने ही जीत हासिल की है।

स्पिन का जादू और दुबई की चुनौतीपूर्ण पिच

दुबई की सुस्त पिचों पर रन बनाना इस टूर्नामेंट में बल्लेबाजों के लिए किसी कड़ी परीक्षा से कम नहीं रहा है। हालात को देखते हुए टॉस जीतने वाली कप्तान पहले बल्लेबाजी करने का जोखिम उठा सकती है, क्योंकि यहां हुए 14 मैचों में से 9 बार पहले खेलने वाली टीम ने जीत हासिल की है। मैच का पासा पूरी तरह स्पिनर्स के पाले में गिर सकता है, जो पूरे टूर्नामेंट में हावी रहे हैं। भारतीय फिरकी गेंदबाजों ने जहां 26 शिकार किए हैं, वहीं श्रीलंकाई स्पिनर भी 25 विकेट झटककर पीछे नहीं हैं।

पढ़ें :- IND vs BAN : शेफाली वर्मा ने एशियन गेम्स के सेमी-फाइनल में जड़ा शतक, भारत ने बांग्लादेश को दिया 196 रनों का लक्ष्य

व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो शेफाली वर्मा (168 रन, स्ट्राइक रेट 169.69) और स्मृति मंधाना (168 रन) रनों के अंबार के साथ शीर्ष पर काबिज हैं। वहीं गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा ने महज 3.52 की इकॉनमी से 11 शिकार किए हैं, और उनका साथ देते हुए श्री चरणी ने भी 8 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई है। मौसम की बात करें तो दिन का पारा 37°C के आसपास रहेगा और शाम को खिलाड़ियों को उमस झेलनी पड़ेगी।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, रिचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, क्रांति गौड़, श्री चरणी, नंदनी शर्मा।

श्रीलंका: चमारी अटापट्टू (कप्तान), इमेशा दुलानी, संजना काविंदी, हर्षिता समरविक्रमा, हसिनी परेरा, कविशा दिलहारी, निलाक्षिका डी सिल्वा, कौशिनी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), सुंगधिका कुमारी, चामुडी प्रबोधा, मिताली अयोध्या।

पढ़ें :- IND vs BAN Semi Final: कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी, फाइनल में जगह पक्की करने उतरी टीम इंडिया
इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...