नई दिल्ली। उत्तर बंगाल में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। बारिश के कारण अब स्थिति भी बिगड़ने लगी है। दार्जिलिंग में भूस्खलन और पुल टूटने की घटनाओं में अब तक 17 लोगों की मौत हो गयी है और कई लोग लापता हैं। अभी ये आंकड़ा और ज्यादा बढ़ सकता है। रिपोर्ट की माने तो, मिरिक और सुखिया क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण कई लोग हताहत हुए हैं। वहीं, भूस्खलन के बाद राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है।
पढ़ें :- BRICS Summit 2026 : पीएम मोदी बोले-ब्रिक्स को मजबूत करते हुए हमें ग्लोबल गवर्नेंस रिफॉर्म और ग्लोबल साउथ पर करना होगा फोकस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दार्जिलिंग में पुल ढहने की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, दार्जिलिंग में एक पुल दुर्घटना में हुई जान-माल की हानि से अत्यंत दुःखी हूँ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। भारी बारिश और भूस्खलन के मद्देनजर दार्जिलिंग और आसपास के इलाकों की स्थिति पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। हम प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस हादसे पर दुख जताया है। एक्स पर राष्ट्रपति भवन की तरफ से किए पोस्ट में लिखा गया- पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण हुई दुखद जनहानि अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं बचाव एवं राहत कार्यों की सफलता की प्रार्थना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।