मुंबई। लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों के एलान के बाद देश का सियासी पारा बढ़ता जा रहा है। विपक्षी दलों की तरफ से लगातार भाजपा सरकार पर निशाना साधा जा रहा है। इन सबके बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी मुंबई में मणि भवन से अगस्त क्रांति मैदान तक न्याय संकल्प पदयात्रा कर रहे हैं। इस दौरान राहुल गांधी ने लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
पढ़ें :- West Asia Crisis : ईरानी मीडिया का दावा- होर्मुज में बारूदी सुरंग से टकराने के बाद तेल टैंकर में धमाका
राहुल गांधी ने कहा कि, हिंदुस्तान पहला देश है, जिसने आज़ादी की लड़ाई भी मोहब्बत के साथ लड़ी। मैं दक्षिण अफ़्रीका गया तो नेल्सन मंडेला जी ने कहा कि-हमें आजादी की राह गांधी जी और हिंदुस्तान ने दिखाई है। उन्होंने आगे कहा, हिंदुस्तान मोहब्बत का देश है, लेकिन इसमें नफरत फैल रही है। इस नफरत का कारण अन्याय है। देश में जनता के साथ रोज़ अन्याय हो रहा है। देश में चंद अरबपतियों का लाखों-करोड़ों का कर्ज माफ हो जाता है, लेकिन किसानों का एक रुपया माफ नहीं होता।
साथ ही कहा, जब हमारी सरकार ने किसान कर्ज माफी की बात की तो BJP ने कहा-किसान आलसी हो जाएगा। मनरेगा लाए तो कहा कि मजदूरों की आदत बिगड़ जाएगी। लेकिन जब वे चंद उद्योगपतियों का लाखों-करोड़ों का कर्ज माफ करते हैं तो क्या उनकी आदत नहीं बिगड़ती? आज एक तरफ कुछ लोगों के पास देश का पूरा धन है। वहीं दूसरी ओर युवा, किसान, मजदूर के साथ अन्याय हो रहा है।
इसके साथ ही राहुल गांधी ने कहा, मुझे गुजरात के छोटे व्यापारियों ने बताया कि GST और नोटबंदी से उन्हें बहुत नुकसान हुआ है। उन्हें अपने साथ हो रहे अन्याय का पता था, लेकिन किसानों के साथ हो रहे अन्याय के बारे में जानकारी नहीं थी। जब तक आप अपने साथ ही अपने भाइयों पर हो रहे अन्याय के बारे में नहीं समझेंगे, तब तक कोई आंदोलन शुरू नहीं हो सकता।
उन्होंने आगे कहा, भारत जोड़ो यात्रा’ में लाखों लोग चले। यात्रा की ताकत मैं नहीं बल्कि वो लोग थे, जो मेरे साथ चले। आज हिंदुस्तान में दो विचारधाराओं की लड़ाई है, जिसमें हमें एकजुट होकर लड़ना है। हिंदुस्तान को केवल एक व्यक्ति के निर्णय पर नहीं बल्कि सभी को सुनकर, उनके फैसले से चलाया जा सकता है।
पढ़ें :- West Asia Crisis : रिपोर्ट में दावा,अमेरिकी मिसाइल इंटरसेप्टर के घटते भंडार की वजह से पीछे हटे ट्रंप? ईरान पर रोक दिए बड़े सैन्य हमले
साथ ही कहा, हमारी गारंटी हिंदुस्तान की आवाज है, जिसे हमने आम जनता से पूछकर और उन्हें सुनकर बनाया है। BJP ये काम कभी नहीं कर सकती, क्योंकि वहां सबकुछ ऊपर से आता है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि, BJP ने भले ही मीडिया पर कब्जा कर लिया है, लेकिन हमारे होते हुए ये संविधान को खत्म नहीं कर पाएंगे। क्योंकि हिंदुस्तान और सच्चाई हमारे साथ है।