लखनऊ : उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ आज 16 नवंबर को छठ महापर्व का व्रत सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर प्रदेश भर में छठ घाटों पर सोमवार तड़के करोड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। ऐसा ही उत्साह लखनऊ के चिनहट स्थित कांशीराम कॉलोनी, लौलाई में भी देखने को मिला।
पढ़ें :- Chhath Puja 2026 : कद्दू-भात से लेकर उगते सूर्य को अर्घ्य देने तक का जानें चार दिवसीय महापर्व का पूरा विधान,पूजा कल से शुरू
लखनऊ के चिनहट स्थित ब्लॉक संख्या 100 कांशीराम कॉलोनी योजना लौलाई में पूर्वांचल छठ पूजा सेवा समिति ट्रस्ट की ओर से 15 और 16 नवंबर को 14वां भव्य छठ पूजा महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। जिसके लिए समिति की ओर से घाट साफ-सफाई, रंगाई पोताई के साथ लाइट की व्यवस्था की गई। वहीं, 15 नवम्बर को कार्यक्रम स्थल पर जागरण का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा। इस अवसर पर कॉलोनी में स्थित छठ घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
स्थानीय निवासी हर्षित शुक्ला ने बताया कि लोक आस्था के छठ महापर्व से पूर्वांचल और बिहार के लोगों की भावनाएं जुड़ी हुईं। यहां पर बड़ी संख्या में मूल रूप से पूर्वांचल और बिहार से आने वाले परिवार रहते हैं, जो छठी मईया के इस पर्व को बड़े उत्साह से मानते हैं। हालांकि, कॉलोनी में रहने वाले लगभग हर जाति और धर्म के लोग छठ पूजा को देखने के लिए पहुँचते हैं। हर साल घाट पर श्रद्धालूओं की संख्या बढ़ती ही जा रही है।
एक अन्य निवासी अभिषेक वर्मा ने बताया कि वह पहली बार यहां छठ पूजा के कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं और उन्हें यहां का आयोजन और लोगों में छठ महापर्व को लेकर उत्साह देखकर काफी अच्छा लग रहा है।