मुंबई। मुंबई के पॉश इलाके बांद्रा वेस्ट के हिल रोड पर 11 जुलाई शनिवार यानी शुक्रवार के आधी रात को एक रेसिडेंशियल इमारत में आग लगने से कोलाहल मच गया। यह आग इमारत के निचले हिस्से ‘नेचर्स बास्केट’ के बेसमेंट स्टोररूम में लगी थी। इस घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई कर आग पर काबू पाया।
पढ़ें :- मध्य प्रदेश के आगर-मालवा में दर्दनाक हादसा, बरसाती नाले में बही कार, 3 बच्चों समेत 8 की मौत
असिस्टेंट डिविजनल फायर ऑफिसर (Assistant Divisional Fire Officer) एस. के. बांडगर ने बताया कि दमकल विभाग को करीब 12:30 बजे रात को आग लगने की सूचना मिली थी। जैसे ही इसकी सूचना मिली वैसे ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। चूंकि आग बेसमेंट के स्टोररूम में लगने के कारण वहां भारी मात्रा में धुआं जमा हो गया था। जिसकी वजह से शुरुआती राहत कार्य में बाधा आई। दमकल कर्मियों ने सांस लेने के विशेष उपकरणों का इस्तेमाल कर बेसमेंट में प्रवेश किया और होज पाइप की मदद से आग पर पूरी तरह से काबू पाया।
बड़ा हादसा टला, कोई हताहत नहीं
इसमें सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि इस भयानक हादसे में न ही किसी व्यक्ति की जान गई और न ही कोई घायल हुआ। दमकल विभाग की तत्परता के कारण समय रहते आग को इमारत की ऊपरी मंजिलों यानी आवासीय क्षेत्र में फैलने से रोका गया, जिससे एक बड़ा हादसा होते—होते बच गया।