Child Murder Case: गुजरात के राजकोट से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने मां-बेटी के रिश्ते को लेकर लोगों को झकझोर दिया है। यह मामला राजकोट का है, जहां दो साल की स्नेहल साकरिया की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि बच्ची की मां ने उसे पांचवीं मंजिल से नीचे फेंक दिया। शुरुआती जानकारी में इस घटना के पीछे महिला की नई जिंदगी शुरू करने की मंशा की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह और परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के आधार पर ही होगी।
पढ़ें :- सूरत में बच्चों की दवा के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, जानवरों का टॉनिक भरकर बेच रहा था मेडिकल स्टोर संचालक
पुलिस ने आरोपी मां को किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और बच्ची की मां को गिरफ्तार कर लिया। अब जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के समय क्या परिस्थितियां थीं और आखिर ऐसा कदम उठाने के पीछे क्या वजह थी। पुलिस की सख्त पूछताछ में बच्ची की मां पूनम साकरिया ने कबूल किया है कि बच्ची का पालन-पोषण का खर्च न उठा पाने के कारण, और नया जीवन शुरू करने को में बच्ची बाधा पैदा कर रही थी, इसी वजह से उसने अपने बेटी की हत्या कर दी।
मासूम की मौत ने खड़े किए गंभीर सवाल
दो साल की उम्र में स्नेहल को शायद यह भी नहीं पता था कि दुनिया में रिश्तों का मतलब क्या होता है। जिस उम्र में बच्चे अपने माता-पिता की गोद में सुरक्षित महसूस करते हैं, उसी उम्र में उसकी जिंदगी खत्म हो गई। इस घटना ने परिवार के भीतर बच्चों की सुरक्षा और जिम्मेदारियों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, मामले में पुलिस की जांच अहम है। आरोपी मां के खिलाफ लगे आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।