Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात, बंद फ्लैट में भाई की लाश के साथ 7 दिन गुजारती रही मंदबुद्धि बहन

कानपुर में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात, बंद फ्लैट में भाई की लाश के साथ 7 दिन गुजारती रही मंदबुद्धि बहन

By Sushil Sah 
Updated Date

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के कौशलपुरी इलाके से एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक बंद फ्लैट में रह रहे बुजुर्ग अरुण मल्लिक जिनकी उम्र 72 वर्ष थी, की मौत के बाद उनका शव करीब पांच से सात दिनों तक घर के अंदर ही पड़ा रहा। इस घटना के बारे में तब पता चला जब पड़ोसियों को फ्लैट से तेज दुर्गंध आनी शुरू हुई। फिर उसके बाद शनिवार देर रात पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद दरवाजा तोड़ा गया। पुलिस जब मौके पर पहुंची और फ्लैट का दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा देखकर हर कोई हैरान रह गया। बुजुर्ग अरुण मल्लिक का शव बुरी तरह सड़ चुका था और उनकी बहन हेमलता उसी कमरे में शव के साथ कई दिनों से रह रही थीं। रविवार को घटना की जानकारी पाकर मृतक के छोटे भाई और भतीजे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने बताया कि बहन मानसिक रूप से मंदबुद्धि है। खबरों के मुताबिक, मूलरूप से बिहार के दरभंगा जिले के अरुण मल्लिक अपनी छोटी बहन हेमलता के साथ कौशलपुरी स्थित केसी अपार्टमेंट में चौथी मंजिल पर रहते थे।

पढ़ें :- UP Heavy Rainfall : जेठ माह में यूपी में झमाझम बारिश, आगरा, अलीगढ़, कानपुर, लखनऊ में बरसे बादल, 60 जिलों में बारिश, बिजली-ओले का ALERT

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था, जिसकी रिपोर्ट में कुछ मुख्य बातें सामने आयी है। डॉक्टरों के अनुसार, अरुण मल्लिक की मृत्यु फेफड़ों की गंभीर बीमारी के कारण हुई थी। रविवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे कोयला नगर निवासी तरुण मल्लिक ने बताया कि अरुण उनके बड़े भाई थे। अरुण से एक और बड़े भाई संजय हैं जो अमृतसर में रहते हैं। उन्होंने बताया कि अरुण का शादी के करीब तीन साल बाद ही पत्नी से तलाक हो गया था। एयरफोर्स से सेवानिवृत्ति के बाद वह लोक निर्माण विभाग में नौकरी करने लगे थे। शव का अवलोकन करते हुए डॉक्टरों ने बताया कि यह मौत करीब पांच से सात दिन पहले हो चुकी थी। मामले की जांच कर रही पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। वहीं अरुण मल्लिक के छोटे भाई तरुण मल्लिक ने बताया कि उनकी बहन हेमलता की मानसिक स्थिति नॉर्मल नहीं है। अब इस दुखद घटना के बाद तरुण मल्लिक ने अपनी बहन को अपने साथ रखने और उनकी पूरी देखभाल करने का फैसला किया है। फिलहाल, स्थानीय पुलिस मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Advertisement