Mirzapur: उत्तर प्रदेश में हीटवेव और भीषण गर्मी का कहर जारी है। मिर्जापुर में चुनाव ड्यूटी में जा रहे कर्मचारियों पर हीटवेव कहर बनकर बरपा है। मतदान करने जा रहे कई कर्मचारियों की मतदान स्थल पहुंचते—पहुंचते स्थिति गंभीर हो गयी है। इसमें उपचार के दौरान पांच होमगार्ड, एक लिपिक और एक सफाईकर्मी की मौत की खबर है। वहीं, मतदान कराने पहुंचे करीब दर्जनभर कर्मचारी गंभीर हैं, जिनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, प्राचार्य मौके पर पहुंचे। बीमार लोगों का उपचार कराया गया।
पढ़ें :- सिस्टम सत्ता के सामने बिक चुका है, सब एक-दूसरे की पीठ थपथपाते और मिलकर जनता को हैं रौंदते: राहुल गांधी
वहीं, इस घटना के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि, मिर्ज़ापुर में पोलिंग पार्टियों के 7 कर्मियों की मौत की ख़बर बेहद दुखद है। सरकार अपना मौन तोड़े और बदइंतज़ामी की वजह से जिनके परिवार उजड़ गये हैं, उनको भावनात्मक राहत देने के लिए आगे आए। सरकार 5 होमगार्ड, सीएमओ कार्यालय के 1 लिपिक और 1 सफ़ाईकर्मी के परिवार के लिए तुरंत 5-5 करोड़ का मुआवज़ा घोषित करे और जो अन्य कर्मी गर्मी के कारण बीमार पड़ गये हैं उन सभी लोगों को अच्छे-से-अच्छा उपचार उपलब्ध कराए।
उन्होंने आगे लिखा कि, इस सरकार में कर्मचारियों के जीवन का कोई मोल नहीं है। न उनको सही समय पर पे कमीशन के रिक्मंडेशन के हिसाब से वेतन मिल पा रहा है, न पुरानी पेंशन का लाभ। कर्मचारियों को अनावश्यक कामों में उलझाकर भी उन्हें तनावग्रस्त जीवन जीने के लिए मजबूर किया जा रहा है और सरकार के भ्रष्टाचार का ठीकरा भी उन्हीं कर्मियों और अधिकारियों के सर मढ़ा जा रहा है। घोर निंदनीय!