MLC: मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी रन चेज देखने को मिली। एमआई न्यूयॉर्क के 266 रन बनाने के बावजूद वॉशिंगटन फ्रीडम ने 267 रन का लक्ष्य सिर्फ 19 ओवर में हासिल कर मेंस टी20 क्रिकेट की सबसे बड़ी सफल रन चेज का नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वॉशिंगटन फ्रीडम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 13 गेंदों के भीतर दो विकेट गंवा दिए और स्कोर 13 रन पर पहुंच गया। लेकिन इसके बाद कप्तान स्टीव स्मिथ और एंड्रियस गॉस ने मैच का पूरा रुख बदल दिया।
पढ़ें :- IND vs WI Team Selection : आज अजीत अगरकर की होगी आखिरी सेलेक्शन मीटिंग! पंत और पांड्या के भविष्य पर टिकी नजरें
दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए एमआई न्यूयॉर्क के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाया। गॉस ने सिर्फ 51 गेंदों में 132 रन की विस्फोटक पारी खेली जिसमें 10 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। वहीं कप्तान स्टीव स्मिथ 110 रन बनाकर नाबाद लौटे और टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई। इस जीत के साथ वॉशिंगटन फ्रीडम ने पंजाब किंग्स का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले आईपीएल 2026 में पंजाब ने 265 रन का लक्ष्य हासिल कर टी20 क्रिकेट की सबसे बड़ी सफल रन चेज का रिकॉर्ड बनाया था। अब यह रिकॉर्ड वॉशिंगटन फ्रीडम के नाम दर्ज हो गया है।
दिलचस्प बात यह रही कि इससे पहले एमआई न्यूयॉर्क की ओर से निकोलस पूरन ने 31 गेंदों में शतक जड़ते हुए लीग का सबसे तेज शतक बनाया था और टीम ने 266 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। हालांकि स्मिथ और गॉस की ऐतिहासिक साझेदारी के सामने पूरन की रिकॉर्डतोड़ पारी भी जीत नहीं दिला सकी।