Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी गुरुवार को छत्तीसगढ़ के कोरबा में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, मैं जब यहां आ रही थी तो मैंने देखा कि आपकी धरती बहुत सुंदर है। मेरी दादी इंदिरा गांधी जी कहती थीं कि हमारे आदिवासी भाई-बहनों ने हमेशा प्रकृति का आदर किया है। उनका जल-जंगल-जमीन से बेहद मजबूत जुड़ाव होता है। इस धरती से कई ऐसे महापुरुष आए, जिन्होंने देश के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी बड़ी भूमिका निभाई।
पढ़ें :- ED Big Action : आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी की 426.46 करोड़ की ईडी ने अटैच की संपत्ति, बाजार मूल्य 1170 करोड़ रुपये
उन्होंने कहा, आपके ‘छत्तीसगढ़िया सम्मान’ का देशभर में मान है। पहली बार ऐसा हुआ, जब भूपेश बघेल जी ने छत्तीसगढ़िया स्वाभिवान की बात देश के अलग-अलग हिस्सों में रखी। लेकिन जब छत्तीसगढ़ में बहुत तेजी से काम होने लगे और प्रदेश का विकास होने लगा, तो ये बात BJP को पसंद नहीं आई, क्योंकि उनकी राजनीति बहुत अलग तरीके की है।
प्रियंका गांधी ने कहा, कोयले की सबसे पुरानी खदान चिरमिरी के क्षेत्र में है। इंदिरा जी ने कई खदानों का राष्ट्रीयकरण किया, जिससे लाखों लोगों को रोजगार मिला। लेकिन आज इस क्षेत्र में कई खदान बंद हो गई और लगातार निजीकरण किया जा रहा है। मोदी जी देश की संपत्ति अपने मित्रों को सौंप रहे हैं, जिसके चलते आपके रोजगार की सुरक्षा ख़त्म हो गई है।
साथ ही कहा, आज श्रमिकों का ठेकेदारी सिस्टम में शोषण हो रहा है। आपको ठेके में नौकरी मिलती है, लेकिन आपको ढंग से पैसे नहीं मिलते। मेहनत करने के बावजूद आपकी जरूरतें पूरी नहीं होतीं। खदानों के लिए जमीनें ली गईं, लेकिन लोगों को मुआवजा नहीं मिला, पुनर्वास नहीं किया गया। जबकि कांग्रेस की हर सरकार ने हमेशा आपके लिए काम किया है।