स्पोर्ट्स डेस्क,पर्दाफाश। भारतीय टीम से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को लेकर चेतेश्वर पुजारा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि शमी की वापसी का सफर अब शुरू हुआ है और वह आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए मुकाबले में शमी की गेंदबाजी चर्चा में रही। भले ही टीम को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन पावरप्ले में शमी ने अपनी धारदार गेंदबाजी से असर छोड़ा।
पढ़ें :- IND vs ZIM T20I Series : टी20आई सीरीज के लिए जिम्बाब्वे पहुंची टीम इंडिया, जानें- कब और कहां खेला जाएगा लाइव मैच
शमी ने अपने पहले ही मैच में इतिहास रचते हुए टूर्नामेंट की पहली ही गेंद पर विकेट लिया। उन्होंने केएल राहुल को आउट कर एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। पुजारा ने शमी की रणनीति की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने राहुल की कमजोरी को समझते हुए चतुराई से गेंदबाजी की। वाइड लाइन पर डाली गई गेंद पर राहुल ने शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे फील्डर के हाथों में चली गई।
उन्होंने आगे कहा कि शमी ने इसके बाद कसी हुई लाइन पर गेंदबाजी करते हुए रनों पर नियंत्रण बनाए रखा और बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। पुजारा के मुताबिक, शमी पिछले एक साल से घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और वही लय अब आईपीएल में भी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन इस बात का संकेत है कि शमी की फॉर्म और फिटनेस दोनों सही दिशा में हैं।