पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नीट-यूजी 2026 के घोषित परिणाम ने नौतनवा क्षेत्र को गौरवान्वित होने का अवसर दिया है। नगर के वार्ड संख्या-09, उस्मान नगर निवासी जिज्ञास कौशल ने अपने प्रथम प्रयास में ही उल्लेखनीय सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर पालिका परिषद नौतनवा के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी रविवार को उनके आवास पहुंचे। उन्होंने जिज्ञास को पुष्पगुच्छ भेंट कर मिठाई खिलाई तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
पढ़ें :- नौतनवा में स्वच्छता अभियान को नई रफ्तार, नगर पालिका ने खरीदी जेसीबी व दो मिनी ट्रैक्टर
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि जिज्ञास की सफलता पूरे नौतनवा क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि जिज्ञास के पिता मनोज कौशल उच्च शिक्षित होने के बावजूद ईमानदारी और परिश्रम के साथ साइकिल व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता राधा कौशल एक आदर्श गृहिणी हैं। माता-पिता के संस्कार, गुरुजनों के मार्गदर्शन और जिज्ञास की कठिन मेहनत का ही परिणाम है कि उन्होंने पहले ही प्रयास में नीट जैसी कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि जिज्ञास की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी और यह सिद्ध करती है कि लगन, अनुशासन और निरंतर परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
इस अवसर पर सभासद धर्मात्मा जायसवाल, अनिल मद्धेशिया, अनिल जायसवाल, राहुल दूबे के अलावा राजकुमार गौड़, राकेश श्रीवास्तव, बंटी पांडेय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट