पुडुचेरी: एन. रंगासामी ने बुधवार को एक बार फिर पुडुचेरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) के संस्थापक रंगासामी अब पांचवीं बार केंद्र शासित प्रदेश की सत्ता संभालेंगे। उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
पढ़ें :- वंदे मातरम विवाद में कूदे कपिल सिब्बल, पूछा- क्या BJP ने 1950 से किसी भी निजी या सरकारी कार्यक्रम में इसके सभी पद गाए हैं?
नई सरकार में एआईएनआरसी नेता मल्लाडी कृष्णा राव और भाजपा नेता ए. नमस्सिवायम ने भी मंत्री पद की शपथ ली। ए. नमस्सिवायम 2021 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे, पिछली पुडुचेरी सरकार में वो ग्रह मंत्री थे। समारोह के दौरान कृष्णा राव ने तेलुगु में शपथ ली। वह यानम क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो भौगोलिक रूप से आंध्र प्रदेश के भीतर स्थित पुडुचेरी का हिस्सा है।
शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। मंच पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन से जुड़े प्रमुख चेहरे दिखाई दिए। समारोह के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में एआईएनआरसी और भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने बहुमत हासिल कर दोबारा सत्ता में वापसी की थी। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रंगासामी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया था। अब नई सरकार के गठन के साथ पुडुचेरी में एक बार फिर एनडीए शासन की शुरुआत हो गई है।