पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: आदर्श जूनियर हाईस्कूल नौतनवा में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक अनिल अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
पढ़ें :- आदर्श जूनियर हाईस्कूल नौतनवा में मेधावी बच्चों का जलवा, टॉपर छात्रों को मिला सम्मान
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के अध्यापक आनंद कुमार गुप्त ने किया।
प्रधानाध्यापक अजय जायसवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सच्ची देशभक्ति केवल देश के प्रति प्रेम व्यक्त करने तक सीमित नहीं है। माता-पिता का सम्मान, गुरुजनों का आदर, ईमानदारी से अध्ययन, विद्यालय की स्वच्छता और देश के नियमों का पालन करना भी देशभक्ति का ही हिस्सा है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपनी जिम्मेदारियों को समझे और राष्ट्र की प्रगति में योगदान दे।
उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, झूठ, नकल और बेईमानी से दूर रहने तथा देश, विद्यालय और माता-पिता का नाम रोशन करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य विद्यालयों की कक्षाओं में तैयार हो रहा है। आज के विद्यार्थी ही भविष्य में देश के जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अध्यापक आनंद कुमार गुप्त ने कहा कि देश संवैधानिक मूल्यों के साथ निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े और विश्व कल्याण के लिए अपनी भूमिका निभाता रहे, यही स्वतंत्रता दिवस पर हम सभी का संकल्प होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय भावना से सराबोर रहा। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने अभिभावकों और अतिथियों को भाव-विभोर कर दिया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक अजय जायसवाल, विष्णु देव, भूपेन्द्र सिंह, आनंद कुमार गुप्त, प्रेमनाथ तिवारी, रामशंकर, प्रहलाद, सावित्री जायसवाल, बरखा जायसवाल, साक्षी कांदू, बंदना यादव, नैना गौड़ सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट